Bhubaneswar में विसर्जन पर DJ बजाया तो दुर्गा पूजा समितियों पर दर्ज होगा आपराधिक केस

Bhubaneswar में विसर्जन पर DJ बजाया तो दुर्गा पूजा समितियों पर दर्ज होगा आपराधिक केस
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भुवनेश्वर पुलिस ने दुर्गा पूजा समितियों को प्रतिमा विसर्जन के समय तेज आवाज में डीजे न बजाने की सख्त हिदायत दी है। डीसीपी सरवना विवेक एम के मुताबिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। विसर्जन यात्राओं में केवल पारंपरिक वाद्ययंत्रों की अनुमति रहेगी और सुरक्षा के लिए पुलिस की 48 कंपनियां तैनात होंगी।

भुवनेश्वर में दुर्गा पूजा समितियों को चेतावनी दी गई है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सरवना विवेक एम ने कहा कि विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध है।

उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वाली किसी भी समिति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा, समितियों से अनुरोध है कि वे विसर्जन के दौरान केवल पारंपरिक वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल करें। प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने के लिए विसर्जन यात्रा शुरू होने के स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

डीसीपी ने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर छह अस्थायी तालाब बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की 48 कंपनी तैनात की जाएंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़