बिहार में 10 मीटर तक के मकानों के लिए नक्शा पास कराने की परेशानी खत्म, घर बनाना होगा आसान

Bihar Urban Development Department
प्रतिरूप फोटो
CANVA PRO

बिहार सरकार ने भवन निर्माण नियमों में बदलाव करते हुए बिहार भवन उपविधि-2026 लागू की है। अब 10 मीटर तक ऊंचे और 2,500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले सामान्य आवासीय मकानों के लिए नगर निकाय से नक्शा पास कराने की जरूरत नहीं होगी। लोग अधिकृत आर्किटेक्ट से नक्शा प्रमाणित कराकर ऑनलाइन पोर्टल के जरिए निर्माण की अनुमति ले सकेंगे।

बिहार में जिनका अपना घर बनाने का सपना है, उनके लिए यह एक अच्छी खबर है। अब छोटा मकान बनाने के लिए नगर निगम या नगर परिषद के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने भवन निर्माण के नियमों में बदलाव किया है और बिहार भवन उपविधि-2026 लागू कर दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने 17 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी थी।

इस बदलाव का सीधा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो शहरों में अपनी जमीन पर घर बनाना चाहते हैं। अब तक नक्शा पास कराने से लेकर बाकी कामों में लोगों का बहुत समय लग जाता था। कई बार तो फाइल एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर तक घूमती रहती थी। नई व्यवस्था में इसी काम को आसान बनाने की कोशिश की गई है।

छोटे मकान बनाने वालों को सबसे बड़ी राहत

नई उपविधि के मुताबिक, 10 मीटर तक ऊंचे और 2,500 वर्ग मीटर तक कुल निर्मित क्षेत्रफल वाले सामान्य आवासीय भवनों के लिए अब पहले की तरह नगर निकाय से नक्शा स्वीकृति लेने की जरूरत नहीं होगी। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई भी बिना नक्शा या नियमों की परवाह किए मकान बना सकता है।

मकान का नक्शा पैनलबद्ध आर्किटेक्ट या तकनीकी विशेषज्ञ से तैयार कराकर प्रमाणित कराना होगा। इसके बाद उसे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। तय शुल्क जमा करने के बाद प्रमाणपत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। निर्माण पूरा होने पर पूर्णता प्रमाणपत्र लेना भी जरूरी होगा।

इसे भी पढ़ें: Bihar के AIMIM MLA अख्तरुल ईमान बोले- इस्लाम में महिलाओं के लिए पर्दा जरूरी

ऊंचाई के हिसाब से अलग-अलग नियम

सरकार ने अब भवनों को उनकी ऊंचाई और जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है। 10 मीटर तक के भवन निम्न जोखिम में, 10 से 24 मीटर तक के भवन मध्यम जोखिम में और 24 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भवन उच्च जोखिम में आएंगे। यानी जितनी ऊंची इमारत होगी, उसकी सुरक्षा और तकनीकी जांच की जिम्मेदारी भी उतनी ही बढ़ेगी।

जमीन का बेहतर इस्तेमाल कर सकेंगे लोग

नए नियम में आधार FAR 3.0 रखा गया है। आसान भाषा में समझें तो अगर किसी के पास 1,000 वर्ग फीट का प्लॉट है, तो FAR के हिसाब से 3,000 वर्ग फीट तक निर्माण की गुंजाइश बन सकती है। इसके अलावा प्रीमियम FAR लेकर अतिरिक्त निर्माण का भी प्रावधान है। लेकिन इसके लिए सड़क की चौड़ाई, सेटबैक और दूसरी शर्तों का पालन करना होगा।

इसे भी पढ़ें: Bihar में उपेंद्र कुशवाहा की RLM में बगावत, 4 में से 3 विधायकों ने मांगा अलग गुट

नक्शे के लिए अब महीनों इंतजार नहीं

नई व्यवस्था में जिन भवनों के लिए विभागीय स्वीकृति जरूरी है, उनके नक्शे पर 30 दिनों के भीतर फैसला लेना होगा। तय समय में निर्णय नहीं होने पर निर्धारित कानूनी शर्तों के तहत नक्शा स्वीकृत माना जा सकता है। पार्किंग के मामले में भी साफ नियम बनाए गए हैं। प्रत्येक कार के लिए 15 वर्ग मीटर जगह का प्रावधान है।

आम लोगों की जेब और समय दोनों को मिल सकती है राहत

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यह हो सकता है कि मकान बनाने की शुरुआती प्रक्रिया में लगने वाला समय और भागदौड़ कम हो। ऑनलाइन व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को बार-बार अधिकारियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, जमीन पर अधिक निर्माण की गुंजाइश मिलने से शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध भूखंड का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा। लेकिन सरकार ने नियम आसान किए हैं, तो अवैध निर्माण को लेकर कोई छूट नहीं दी है। नक्शे से अलग निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या तय सीमा से अधिक निर्माण करने पर कार्रवाई हो सकती है।

कुल मिलाकर, नई भवन उपविधि से बिहार के शहरों में मकान बनाने का तरीका बदलने की उम्मीद है। अब देखना यह होगा कि नगर निकायों में ऑनलाइन व्यवस्था कितनी तेजी से काम करती है और आम लोगों को इसका फायदा वास्तव में कब से मिलने लगता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़