बिहार का Makhana पहुंचा Canada, CM सम्राट चौधरी बोले- लोकल से ग्लोबल

भारत ने बिहार के मखाने की 7 टन खेप कनाडा को निर्यात कर कृषि-निर्यात क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे बिहार की कृषि क्षमता और 'स्थानीय से वैश्विक' बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह निर्यात बिहार के किसानों की मेहनत और मखाने की बढ़ती वैश्विक मांग का प्रमाण है।
वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि भारत ने समुद्री रास्ते से कनाडा को बिहार के मशहूर मखाने (फॉक्स नट्स) का 7 टन निर्यात किया है। मंत्रालय ने कहा कि यह निर्यात वैश्विक बाजारों में बिहार के बेहतरीन कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने और राज्य के वैल्यू-एडेड कृषि निर्यात की रेंज को बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। दो कंटेनरों में पैक किए गए 7 मीट्रिक टन के इस कंसाइनमेंट को मुंद्रा पोर्ट के ज़रिए कनाडा की ZKV फूड्स कंपनी को भेजा गया।
इसे भी पढ़ें: Bhojpur encounter: भारत भूषण तिवारी को गोली मारने वाला STF jawan गिरफ्तार
बिहार भारत में मखाना (जिसे फॉक्स नट्स भी कहा जाता है) का सबसे बड़ा उत्पादक है। पौष्टिक और सेहतमंद स्नैक विकल्पों के प्रति ग्राहकों की बढ़ती पसंद के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी मांग बढ़ी है। अधिकारियों का कहना है कि फ्लेवर्ड मखाने के निर्यात से निर्यात के नए अवसर मिलने की उम्मीद है और साथ ही राज्य के इस प्रमुख कृषि उत्पाद की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी बढ़ेगी। इसी को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार की समृद्धि अब वैश्विक बाजारों तक अपनी पहचान बना रही है। कनाडा को बिहार के 7 मीट्रिक टन मखाना का निर्यात राज्य के किसानों की मेहनत, हमारी कृषि क्षमता और स्थानीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग का प्रमाण है।
इसे भी पढ़ें: बिहार: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक हुआ 4.61 प्रतिशत मतदान, नेताओं ने की वोटिंग की अपील
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह उपलब्धि बिहार को कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ 'लोकल से ग्लोबल' की दिशा में एक और मजबूत कदम है। हमारा संकल्प है कि बिहार का स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए और हमारे किसानों की समृद्धि का माध्यम बने। मंत्रालय ने कहा कि APEDA बिहार को एक बड़े कृषि-निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रहा है। इसके लिए क्षमता निर्माण, निर्यात इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वालिटी स्टैंडर्ड्स का पालन, मार्केट लिंकेज और वैल्यू एडिशन पर ध्यान देने वाली पहल की जा रही हैं। यह संस्था भारत के कृषि-निर्यात इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए राज्य सरकारों, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), प्रोसेसर्स और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही है।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।
अन्य न्यूज़















