Birbhum में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया सिपाही पर गोली चलाने का आरोपी रतन शेख

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी रतन शेख जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गया। उसने 13 नवंबर को शांतिनिकेतन इलाके में एक कांस्टेबल को गोली मारकर घायल कर दिया था। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे।
पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में 13 नवंबर को एक पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने का आरोपी रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई आपराधिक मामलों में नामजद रतन शेख को रविवार की दोपहर पड़ोसी पूर्व बर्धमान जिले के नवाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि उसे शांतिनिकेतन में गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने के लिए बीरभूम जिले के नानूर स्थित चरकोल गांव के एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि अचानक उसने उस जगह से हथियार निकाल लिया, जहां उसने उसे छिपा रखा था और पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस के वाहन में लगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें शेख को गोलियां लगीं। उसे नानूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शाम लगभग पांच बजकर 45 मिनट पर उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए बोलपुर अस्पताल ले जाया गया।’’ राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद, बीते छह महीने में पश्चिम बंगाल में यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ है।
आरोपी शेख ने 13 नवंबर को शांतिनिकेतन थाने के अंतर्गत लाइक बाजार में कांस्टेबल विश्वजीत दास पर कथित तौर पर गोली चलाई थी, जो उनके पैर में लगी थी। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए जाने के बाद शेख ने जुर्म कबूल कर लिया था और पुलिस टीम को उस जगह ले जाने के लिए तैयार हो गया था, जहां उसने हथियार छिपाया था। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शेख को ‘‘कुख्यात अपराधी’’ बताया और कहा कि उसके खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाए? पुलिस को जवाबी कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है। अगर कोई पुलिसकर्मी पर हमला करता है या उसके साथ मारपीट करता है, तो पुलिस को जवाब देना चाहिए।’’ मुख्यमंत्री ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में दुष्कर्मियों, गुंडों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है।
कांस्टेबल दास पर हुए हमले का जिक्र करते हुए शुभेंदु ने कहा कि जब उनके साथी पुलिसकर्मियों पर हमला होता है, तो पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो उसे जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि अपराधियों से निपटने के लिए वह जरूरी सभी कदम उठाएंगे।
अन्य न्यूज़














