Biren Singh ने Manipur में जनगणना से पूर्व NRC कराने की मांग गृह मंत्री अमित शाह के सामने रखी

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में आर्थिक नाकेबंदी और एनआरसी के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के नागरिक जनगणना के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि उनकी मांग पहले एनआरसी लागू करने की है। इसके अलावा उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की बाधित आपूर्ति और महंगाई की समस्या को भी गृह मंत्री के समक्ष उठाया।
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें राज्य में जनगणना संबंधी किसी भी गतिविधि से पहले राज्य के लोगों की राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की मांग के बारे में अवगत कराया। नयी दिल्ली के दो दिन के दौरे के बाद आज सुबह इंफाल पहुंचे सिंह ने कहा कि उन्होंने आर्थिक नाकेबंदी के मुद्दों को भी उठाया, जिसके कारण जरूरी सामान की आपूर्ति में रुकावट आई और कीमतें बढ़ गईं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली गया था और उनसे मिलने के लिए समय देने का अनुरोध किया था।
कल मेरी उनसे मुलाकात हुई। मैंने उन्हें आर्थिक नाकेबंदी और उसके जवाब में की गई नाकेबंदी से जुड़े मुद्दों के बारे में बताया, जिनकी वजह से जरूरी सामान की कीमतें बढ़ गईं और सामान की आपूर्ति पर असर पड़ा है। शाह ने मुझे इन मुद्दों को जल्द हल करने का भरोसा दिलाया।’’ सिंह ने कहा कि उन्होंने शाह को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने से पहले फरवरी 2023 में उनकी सरकार द्वारा उठाई गई राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) तैयार करने की मांग को लेकर लोगों की अपील से अवगत कराया।
मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उस समय गृह मंत्रालय और भारत के महापंजीयक ने बताया था कि तत्कालीन सरकार की ओर से भेजी गई मांग पर विचार किया जा रहा है।’’ सिंह ने कहा कि उन्होंने शाह को यह भी बताया कि लोग जनगणना कराने के खिलाफ नहीं हैं बल्कि उनकी मांग है कि पहले एनआरसी कराई जाए और उसके बाद जनगणना हो।
अन्य न्यूज़













