PM Modi Birthday: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा करने की कामना की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। नवीन ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हो गए।

नवीन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनायें।’’ उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प से प्रेरित मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन और जन कल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।’’ नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़