केसीआर की पुत्री को हराने वाले भाजपा सांसद ने निजामाबाद का नाम बदलने की मांग की

bjp-mp-who-defeated-kcr-s-daughter-demanded-change-of-nizamabad-name
[email protected] । Aug 20 2019 6:04PM

भाजपा सांसद ने कहा कि यह नाम (निज़ामाबाद) बहुत अशुभ हो गया है और उन्होंने लोगों की भावना व्यक्त की है। इन्दूर का नाम हिंदुस्तान से संबंधित है और यह ‘‘इंडिया’’ की तरह इंड से शुरू होता है। यह एक शुभ और राष्ट्रवादी नाम है।

हैदराबाद। भाजपा सांसद डी अरविंद ने मंगलवार को कहा कि निजामाबाद का नाम अशुभ है और इसका नाम बदल कर इन्‍दूर किया जाना चाहिए जो इसका पुराना नाम था। अप्रैल में हुए आम चुनाव में अरविंद ने मुख्यंत्री के चंद्रशेखर राव की पुत्री और टीआरएस उम्मीदवार कविता को पराजित किया था। भाजपा नेता ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग भी नाम में परिवर्तन चाहते हैं। सांसद ने पीटीआई से कहा कि इसकी आवश्यकता है क्योंकि यह शहर और जिला दोनों रूप में सभी पहलुओं से अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है। इसका नाम हैदराबाद के पूर्व शासक  निज़ाम  के नाम पर रखा गया था।

इसे भी पढ़ें: बदले-बदले राजनाथ के तेवर, संयमता छोड़ पकड़ी आक्रामकता की राह

उन्होंने एक दिन पहले भी एक कार्यक्रम में यह मांग की थी। उन्होंने कहा कि यह नाम (निज़ामाबाद) बहुत अशुभ हो गया है और उन्होंने लोगों की भावना व्यक्त की है। इन्दूर का नाम हिंदुस्तान से संबंधित है और यह ‘‘इंडिया’’ की तरह  इंड  से शुरू होता है। यह एक शुभ और राष्ट्रवादी नाम है।जिले की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यहां से लगभग 175 किलोमीटर दूर निजामाबाद (निजाम-ए-आबादी) का नाम हैदराबाद के निजाम आसफ जही पर आधारित है जिन्होंने 18 वीं शताब्दी में दक्कन पर शासन किया था।जिले का मूल नाम इन्दूर था जो राजा इंद्रदत्त के नाम पर था जिन्होंने पांचवीं शताब्दी में इस क्षेत्र पर शासन किया था।अरविंद ने कहा,  लोग मांग कर रहे हैं कि इसका नाम बदलकर अब इन्दूर कर दिया जाए। मैंने लोगों से कहा कि हम बदलने की कोशिश करेंगे।’’

All the updates here:

अन्य न्यूज़