गोंडल विधानसभा सीट पर बीजेपी लगाना चाहेगी हैट्रिक, जानें सियासी दांव पेंच

bjp
ANI Image
रितिका कमठान । Nov 28 2022 11:37AM

गोंडल विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा ने फिर से जाडेजा गीताबा जयराजसिंह को मैदान में उतारा है। इस सीट पर भाजपा हैट्रिक लगाने के उद्देश्य से उतरेगी। इस सीट की खासियत है कि इस पर भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय उम्मीदवार के अलावा एनसीपी का भी कब्जा रह चुका है। ऐसे में आप भी इस सीट पर दावेदारी दिखा रही है।

गोंडल विधानसभा सीट पर बीजेपी ने बीते एक दशक से कब्जा किया हुआ है। वर्तमान में इस सीट पर भाजपा की जाडेजा गीताबा जयराजसिंह विधायक है। उन्होंने कांग्रेस के खाटरिया अर्जुनभाई घनश्यामभाई को 15,397 मतों से मात दी थी। इस बार भी इस सीट से भाजपा ने जाडेजा गीताबा जयराजसिंह पर भरोसा दिखाया है। कांग्रेस ने यतीश देसाई और आम आदमी पार्टी ने निमिशा खुंट को मैदान में उतारा है।

इस बार इस सीट पर दो नहीं बल्कि त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। वैसे राजकोट जिले की गोंडल सीट चुनिंदा खास सीटों में शुमार है जहां भाजपा, कांग्रेस, एनसीपी और निर्दलिय उम्मीदवार का भी कब्जा रहा है। इस सीट पर वर्ष 2012 से भाजपा का कब्जा रहा है। वर्ष 2012 में यहां से भाजपा के जडेजा जयराज सिंह तमूभा विधायक थे।

वहीं वर्ष 2017 में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार जाडेजा गीताबा जयराजसिंह को कुल 70, 506 मत मिले थे और कांग्रेस उम्मीदवार को 55,109 वोट हासिल हुए थे। इस सीट पर एनसीपी का भी वर्चस्व रह चुका है। वर्ष 2007 में यहां से एनसीपी के वाघसीया चंदूभाई बचूभाई ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार जडेजा जयराज सिंह तमूभा को 488 वोटों से मात दी थी। इससे पहले 2002 और 1998 में इस सीट पर भाजपा का कब्जा था। वर्ष 1995 और 1990 में निर्दलीय प्रत्याशी भी इस सीट से जीत दर्ज कर चुके है। ऐसे में ये एक ऐसी सीट है जो किसी एक पार्टी के खाते में नहीं रही है।

ऐसा है सीट का हाल

इस विधानसभा सीट पर कुल 228438 मतदाता है। इनमें पुरुष मदतादा 118218 और महिला मतदाताओं की संख्या 110212 है। वहीं अन्य मतदाता इस सीट पर कुल आठ है। जानकारी के मुताबिक गुजरात में 4.9 करोड़ से अधिक मतदाता हैं और इनमें 4.6 लाख मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। निर्वाचन आयोग राज्य में 51,782 मतदान केंद्र स्थापित करेगा।

इनमें 34,276 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हों। शहरी इलाकों में 17,506 मतदान केंद्र होंगे। गुजरात की कुल 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में 89 सीटों पर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होगा। जानकारी के मुताबिक गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी 2023 को समाप्त हो रहा है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़