Mumbai के पार्कों में सुरक्षा बढ़ाएगी BMC, MSF जवानों की तैनाती पर विचार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कुर्ला इलाके के प्रमोद महाजन उद्यान में एक जोड़े पर हमले के बाद नगर निकाय संवेदनशील पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी में है। इसके तहत महाराष्ट्र सुरक्षा बल के कर्मियों को तैनात करने और पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए मुंबई पुलिस को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही पास के मदरसे से भी प्रबंधन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं।

मुंबई के उपनगरीय इलाके कुर्ला में एक युवा जोड़े पर हमले के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील उद्यानों में महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एमएसएफ) के कर्मियों की तैनाती करने पर विचार कर रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि नगर निकाय ऐसे स्थानों पर पुलिस की गश्त बढ़ाने का अनुरोध करते हुए मुंबई पुलिस को पत्र भी लिखेगा।

कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में 12 से 15 वर्ष की उम्र के छह से आठ लड़कों ने कथित तौर पर एक युवक और युवती पर हमला किया था। सार्वजनिक उद्यान में हुई इस घटना का एक वीडियो पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया। अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील उद्यानों की पहचान कर रहा है और आकलन के आधार पर इन स्थानों पर एमएसएफ कर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया जाएगा।

इस बीच, बीएमसी के एल वार्ड ने सोमवार को उद्यान से सटे मदरसे को नोटिस जारी कर उसके प्रबंधन से संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा। बीएमसी ने कहा कि उसके अधिकारी इस सप्ताह मदरसे का निरीक्षण करेंगे। हमले की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, राज्य के मंत्री और भाजपा नेता नीतेश राणे ने आरोप लगाया था कि मदरसों में उचित शिक्षा नहीं दी जाती और वहां केवल हिंसा का पाठ पढ़ाया जाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़