Mumbai Air Quality: बीएमसी 22 करोड़ रुपये में लगाएगी 5 नए मॉनिटरिंग स्टेशन

Mumbai Air Quality: बीएमसी 22 करोड़ रुपये में लगाएगी 5 नए मॉनिटरिंग स्टेशन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने शहर में वायु प्रदूषण की निगरानी मजबूत करने के लिए 22 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए वायु गुणवत्ता केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है। ये नए स्वचालित स्टेशन मुलुंड, दादर, गोरेगांव, चर्नी रोड और सांताक्रूज में छह महीने के भीतर शुरू किए जाएंगे। शहर में वर्तमान में 29 निगरानी केंद्र सक्रिय हैं और हाल के दिनों में एक्यूआई मध्यम से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है।

मुंबई में खराब होती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) शहर में 22 करोड़ रुपये की लागत से पांच और वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र स्थापित करेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये पांच नए वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र मुलुंड, दादर, गोरेगांव, चर्नी रोड और सांताक्रूज में स्थापित किए जाएंगे।

फिलहाल दादर, चर्नी रोड और मुलुंड में कोई निगरानी केंद्र नहीं है। मुंबई में अभी बीएमसी, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान की निगरानी में 29 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हैं। इन केंद्रों से मिलने वाले आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी डैशबोर्ड समीर पर भेजे जाते हैं।

नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित पांच नए केंद्रों में से दो मौजूदा बीएमसी केंद्रों की जगह लगाए जाएंगे, जबकि बाकी तीन ऐसे स्थानों पर स्थापित होंगे, जहां पांच किलोमीटर के दायरे में कोई निगरानी केंद्र नहीं है। पिछले एक सप्ताह के दौरान मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम से खराब और बहुत खराब श्रेणी के बीच रहा है। अधिकारी ने बताया कि 22 करोड़ रुपये की इस परियोजना में पांचों केंद्रों को स्थापित करने, पांच साल तक उनका संचालन करने और रखरखाव का खर्च शामिल है।

इन केंद्रों के छह महीने में काम शुरू करने की उम्मीद है। केंद्रों के लिए स्थानों के चयन के बारे में अधिकारी ने कहा कि ये जगहें सीपीसीबी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य शहर के विभिन्न इलाकों में हवा की सामान्य गुणवत्ता का आकलन करना है।

अधिकारी ने कहा, हमने सीपीसीबी के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए नए केंद्र स्थापित करने के लिए सबसे उपयुक्त स्थान चुने हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से प्रत्येक स्वचालित निगरानी केंद्र के लिए 300 से 700 वर्ग फुट जमीन की जरूरत होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़