BPSC TRE 4 की अधिसूचना 24 घंटे में जारी करने की मांग पर पटना में धरना

बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 की प्रक्रिया शुरू करने और 24 घंटे के भीतर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र नेता दिलीप कुमार ने मांगें पूरी न होने पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव करने और तीन दिन में आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी। अभ्यर्थियों ने एकल स्तरीय परीक्षा कराने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और परीक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (टीआरई-4) का विज्ञापन 24 घंटे के भीतर जारी करने की मांग करते हुए यहां गर्दनीबाग में विद्यार्थियों ने धरना दिया और मांग पूरी नहीं होने पर शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने ‘टीआरई-4’ में एकल स्तरीय परीक्षा कराने, कथित भ्रष्टाचार के जरिए पद हासिल करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, बीएसएससी की भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आवास नीति के साथ एसटीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की। उन्होंने परीक्षा माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “सरकार को बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा का विज्ञापन 24 घंटे के भीतर जारी करना चाहिए, अन्यथा हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास का घेराव कर सकते हैं।” धरने में शामिल टीआरई-4के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें “अक्षम” बताया। कुमार ने कहा, “अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आज से तीन दिन बाद मैं इसी स्थान पर आमरण अनशन शुरू करूंगा।
अन्य न्यूज़














