BrahMos Missile फिलीपीन को सौंपी, वियतनाम से हुआ करार: CEO Jayathirtha R Joshi

BrahMos Missile फिलीपीन को सौंपी, वियतनाम से हुआ करार: CEO Jayathirtha R Joshi
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने फिलीपीन को ब्रह्मोस मिसाइल की आपूर्ति पूरी कर ली है और वियतनाम के साथ भी समझौता किया गया है। हैदराबाद में कंपनी के सीईओ जयतीर्थ आर. जोशी ने बताया कि दक्षिण-पूर्व एशिया के कई अन्य देशों से बातचीत अंतिम चरण में है और सरकारी मंजूरी मिलते ही करार किए जाएंगे।

ब्रह्मोस एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) जयतीर्थ आर. जोशी ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी ने फिलीपीन को ब्रह्मोस मिसाइल की आपूर्ति की है और वियतनाम के साथ समझौता किया है। इसके अलावा, दक्षिण-पूर्व एशिया के कई अन्य देशों ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई है। जोशी ने कहा कि इच्छुक देशों के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘सरकार से मंजूरी मिलते ही हम उनके साथ समझौता कर लेंगे।’’ जोशी से पूछा गया था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद मिसाइल की मांग बढ़ने के मद्देनजर किन देशों के साथ समझौता अंतिम रूप ले चुका है और किन अन्य देशों के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की पहले से कल्पना नहीं की गई थी और गैर-विनाशकारी परीक्षण (एनडीटी) ने मिसाइलों की विश्वसनीयता सुनिश्चित की। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी उत्पाद के लिए एनडीटी की बहुत अहम भूमिका होती है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहले से कोई कल्पना नहीं थी। ये मिसाइलें 10, 15 या 20 साल पहले बनाई गई थीं। एनडीटी ने इनकी विश्वसनीयता सुनिश्चित की।

जैसे ही हमने मिसाइल को दागा, वह अपने लक्ष्य तक पहुंची और उसने अपना काम किया।’’ जोशी यहां पत्रकारों को ‘नॉन-डिस्ट्रक्टिव इवैल्यूएशन एंड इनेबलिंग टेक्नोलॉजीज’ (एनडीई 2026) पर 36वें वार्षिक सम्मेलन और एयरोस्पेस में एनडीटी पर 15वें अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘एयरो-एनडीटी 2026’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों का आयोजन ‘इंडियन सोसाइटी फॉर नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग’ (आईएसएनटी) द्वारा 15 से 17 नवंबर तक किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 15 नवंबर को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। उम्मीद है कि एनडीई 2026 में 2,000 से अधिक पेशेवर, अनुसंधानकर्ता, शिक्षाविद और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे।

इसमें 100 से अधिक विदेशी वक्ता हिस्सा लेंगे और भारत तथा विदेशों से आए 100 से अधिक प्रदर्शक अपने उपकरण पेश करेंगे। जोशी ने कहा कि इस आयोजन से उद्योग जगत के लिए कारोबार की अच्छी संभावनाएं पैदा होंगी। इसमें 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौतों, प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग के छात्रों को अत्याधुनिक उपकरणों के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिल सके, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़