Baramati Airport के पास कारोबारी Rana Suryavanshi पर हमला, गुलदस्ता देने के बहाने आए थे हमलावर

पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास रविवार शाम दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को प्रशंसक बताकर कारोबारी राणा सूर्यवंशी पर हमला कर दिया। घायल सूर्यवंशी को उपचार के लिए पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को चौंकाने वाला बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुणे जिले में रविवार शाम बारामती हवाई अड्डे के पास दो लोगों ने एक कारोबारी पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हुई जब कारोबारी राणा सूर्यवंशी निजी काम से बारामती आए थे और उनके साथ उनका निजी सुरक्षा गार्ड भी था।
उप-मंडल पुलिस अधिकारी चैतन्य कदम ने बताया कि स्कूटर पर सवार होकर आए दो लोगों ने खुद को सूर्यवंशी का प्रशंसक बताया। उन्होंने बताया कि दोनों ने गुलदस्ता देने के बहाने कारोबारी पर हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि हमले में सूर्यवंशी घायल हो गए।
उन्हें इलाज के लिए पुणे स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। कदम ने बताया कि घटना के दौरान गोली चलने की खबरों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। अस्पताल के अनुसार, सूर्यवंशी को निगरानी में रखा गया है और चिकित्सकों की एक टीम उनकी स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को “बेहद चौंकाने वाला” बताया और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। सुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले गृह विभाग को इस घटना का तत्काल संज्ञान लेना चाहिए, हमलावरों को गिरफ्तार करना चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। रविवार शाम राज्य में किसी हाई-प्रोफाइल व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना थी।
इससे पहले, मुंबई के जुहू इलाके में बंदूकधारियों ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की थी। हालांकि, अभिनेता को कोई चोट नहीं आयी लेकिन उनका कार चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए।
अन्य न्यूज़













