DHFL Scam: एक करोड़ रुपये की घूस मांगने पर SFIO उपनिदेशक और वकील गिरफ्तार

Cbi Arrests
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सीबीआई ने 34,000 करोड़ रुपये के डीएचएफएल ऋण घोटाले में एक नेता और कारोबारी से रिश्वत मांगने के आरोप में एसएफआईओ के उपनिदेशक हरीश कुमार तंवर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर जांच में राहत देने के बदले एक करोड़ रुपये मांगने और 20 लाख रुपये की पहली किस्त लेने का आरोप है।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने डीएचएफएल ऋण घोटाले से जुड़े मामले में एक नेता-सह-व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में ‘गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय’ (एसएफआईओ) में पदस्थ भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक अधिकारी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने 2017 बैच के आईआरएस अधिकारी हरीश कुमार तंवर, चेन्नई स्थित एसएफआईओ में उपनिदेशक के पद पर तैनात अधिकारी, दिल्ली के अधिवक्ता भरत शर्मा और उनके रिश्तेदार आर्यन शर्मा को गिरफ्तार किया है।

इन पर रिश्वत की पेशगी के तौर पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है। जांच एजेंसी के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि सीबीआई की प्राथमिकी के अनुसार, तंवर और शर्मा ने शिकायतकर्ता को 34,000 करोड़ रुपये के डीएचएफएल ऋण धोखाधड़ी से जुड़े मामले में एसएफआईओ की जांच में कथित तौर पर फायदा पहुंचाने के बदले एक करोड़ रुपये की अनुचित मांग की थी। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शिकायत का सत्यापन करने और प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और एसएफआईओ के उपनिदेशक स्तर के एक अधिकारी, दिल्ली के एक अधिवक्ता और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

अधिवक्ता ने एसएफआईओ अधिकारी की ओर से शिकायतकर्ता से मांगी गई एक करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशगी के रूप में 20 लाख रुपये की अनुचित रकम ली थी।’’ बयान के अनुसार, जांच एजेंसी ने तंवर और शर्मा के परिसरों पर छापे मारे तथा मामले से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़