PM-ABHIM के तहत 19,983 स्वास्थ्य इकाइयों को केंद्र की मंजूरी

PM-ABHIM के तहत 19,983 स्वास्थ्य इकाइयों को केंद्र की मंजूरी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत देश भर में 19,983 स्वास्थ्य इकाइयों को मंजूरी दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बेंगलुरु में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला में यह जानकारी दी। इस मिशन के लिए 64,180 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिसके जरिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाएं और क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जा रहे हैं।

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी 19,983 इकाइयों को मंजूरी दी, इनमें 2,151 ब्लॉक जन स्वास्थ्य इकाइयां, 744 एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाएं और 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और पीएम-एबीएचआईएम पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय के जरिए सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे, रोगों की निगरानी और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2021 को शुरू किए गए पीएम-एबीएचआईएम के लिए 64,180 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना, रोगों की निगरानी और संक्रमण फैलने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ाना, महामारी से संबंधित अनुसंधान को बढ़ावा देना तथा आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी और जैव सुरक्षा को बेहतर बनाना है। मिशन के तहत देशभर में स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी 19,983 इकाइयों को मंजूरी दी गई है।

इस मिशन के तहत जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए पहले भवनों की सुविधा से वंचित स्थानों पर 11,001 आयुष्मान आरोग्य मंदिर-उप स्वास्थ्य केंद्र और शहरी क्षेत्रों में 5,456 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं। श्रीवास्तव ने बताया कि मुफ्त दवा और जांच पहल के माध्यम से इन केंद्रों पर जरूरी दवाओं और जांच सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

इसके अलावा, 2,151 ब्लॉक जन स्वास्थ्य इकाइयों और जिला स्तर पर 744 एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं की स्थापना के जरिए जांच सुविधाओं और रोगों की निगरानी के नेटवर्क को भी मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, मिशन के तहत 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 48 वायरस अनुसंधान एवं जांच प्रयोगशालाओं को सहायता दी गई है। इससे समय पर बीमारियों की पहचान, उनके उपचार, गंभीर मरीजों की देखभाल और अनुसंधान की क्षमता बढ़ाने में मदद मिली है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़