NSE को RBI से मिली हरी झंडी, शुरू होंगे कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा अनुबंध

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय रिजर्व बैंक ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांकों पर वायदा अनुबंध पेश करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। बाजार नियामक सेबी से पहले ही मंजूरी मिलने के बाद अब फिक्स्ड इनकम बाजार में नया डेरिवेटिव उत्पाद शुरू करने की तैयारी चल रही है। इन अनुबंधों की विशेषताएं और कारोबार शुरू करने की तारीख जल्द अलग से घोषित की जाएगी।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांकों पर वायदा अनुबंध शुरू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल गया है। इससे देश के निश्चित आय वाले बाजार में नए डेरिवेटिव उत्पाद शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। शेयर बाजार को इन अनुबंधों को निर्धारित नियामकीय रूपरेखा के तहत शुरू करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से भी इसी तरह का अनापत्ति प्रमाणपत्र इससे पहले ही मिल चुका है।

एनएसई ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि वह लागू नियामकीय रूपरेखा के अनुसार इन अनुबंधों को शुरू करने के लिए जरूरी परिचालन संबंधी तैयारी करेगा। अनुबंधों की विशेषताओं और कारोबार शुरू होने की तारीख के बारे में अलग से जानकारी दी जाएगी। प्रस्तावित कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा बाजार भागीदारों को कॉरपोरेट बॉन्ड के मूल्य में उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम का प्रबंधन करने के लिए पारदर्शी और मानकीकृत शेयर बाजार-आधारित साधन उपलब्ध कराएंगे।

इसमें ब्याज दरों और ऋण जोखिम के अंतर में बदलाव से होने वाले उतार-चढ़ाव भी शामिल हैं। इन अनुबंधों से निवेश पोर्टफोलियो के स्तर पर जोखिम से बचाव (हेजिंग) करने, कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार की दिशा को लेकर निवेश का रुख अपनाने और पोर्टफोलियो का अधिक प्रभावी प्रबंधन करने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह नया उत्पाद निश्चित आय वाले एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) और अन्य निष्क्रिय ऋण निवेश उत्पादों के बढ़ते दायरे को भी पूरक बनाएगा।

एनएसई के मुख्य कारोबार विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा, “कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा की शुरुआत इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी। इससे तेजी से बढ़ते बॉन्ड बाजार और प्रभावी शेयर बाजार-आधारित निवेश एवं जोखिम प्रबंधन साधनों की उपलब्धता के बीच की खाई को पाटने में मदद मिलेगी।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़