Chandauli में जनसेवा केंद्र संचालक से 6 लाख रुपये लूटे, Police ने चार आरोपियों को पकड़ा

चंदौली जिले के बबुरी रोड पर शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने जनसेवा केंद्र संचालक पर हमला कर करीब छह लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित के सिर पर असलहे के बट से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पीछा करने के दौरान आरोपियों की कार खंभे से टकरा गई, जिसके बाद मौके से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
चंदौली जिले में जनसेवा केंद्र के एक कर्मचारी से करीब छह लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नामेन्द्र रावत ने बताया कि बबुरी रोड पर जनसेवा केंद्र संचालित करने वाले बसिला गांव निवासी तंजीर अहमद (32) की तहरीर के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक निजी कंपनी से नकदी लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी बबुरी रोड के पास कार सवार हथियारबंद करीब छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।
तंजीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने असलहे के बट से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने बदमाशों का पीछा किया तो उनकी कार एक खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाश कार छोड़कर लूटे गए करीब छह लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
सीओ ने बताया कि बदमाशों की कार से मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर शनिवार सुबह लूट में शामिल छह आरोपियों में से चार को पकड़ लिया गया और उनसे फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी आरोपियों की पहचान जारी नहीं की है।
अन्य न्यूज़













