NCP Merger पर Sunetra Pawar के फैसले बिना चर्चा बेनतीजा रहेगी: Chhagan Bhujbal

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राकांपा के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने पुणे में कहा कि पार्टी के दोनों धड़ों के एक होने पर बातचीत तभी सार्थक होगी जब पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार इस पर रुख साफ करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नेतृत्व निर्णय नहीं लेता, तब तक ऐसी चर्चाओं का कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सकता।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने शनिवार को कहा कि पार्टी के दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत से तब तक कोई नतीजा निकलने की संभावना नहीं है, जब तक पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं ले लेतीं। वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या उनकी पार्टी के नेता विलय का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं, जबकि राकांपा-शरदचंद्र पवार (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ऐसी चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग नहीं ले रही हैं। भुजबल ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘कितनी भी बातचीत हो जाए, जब तक सुनेत्रा पवार इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं ले लेतीं, तब तक उसका कोई नतीजा नहीं निकलेगा।’’ इससे पहले दिन में, सुले ने कहा कि राकांपा के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर बातचीत उनके लिए उनके चचेरे भाई अजित पवार की मृत्यु के बाद समाप्त हो गई थी।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें दूसरे गुट की ओर से कोई संदेश भी नहीं मिला है। इस बीच, शनिवार को मुंबई और पुणे में ऐसे बैनर लगाए गए, जिनमें सवाल उठाया गया था कि क्या अजित पवार की मृत्यु विमान दुर्घटना में हुई थी या यह कोई साजिश थी। इस मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में भुजबल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (अजित पवार की पत्नी) उनकी नेता हैं और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि सभी जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में टिप्पणी करना उचित होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़