Team India से बाहर होने पर छलका Suryakumar Yadav का दर्द, वापसी के लिए लगाएंगे पूरा जोर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कोलकाता में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच के दौरान मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम से बाहर किए जाने पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम से बाहर होने पर उन्हें दुख पहुंचा था, लेकिन अब वह वापसी के लिए पूरे जुनून के साथ खेल रहे हैं। सूर्यकुमार ने हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 21 गेंदों पर 60 रन बनाए।

टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम से बाहर किए जाने से आहत स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को कहा कि वह राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। सूर्यकुमार ने यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में मुंबई की ओर से हैदराबाद के खिलाफ महज 21 गेंदों पर 60 रन की तूफानी पारी खेलकर अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में वापसी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह अपनी मानसिकता और कौशल पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘विश्व कप जीतने के बाद स्वाभाविक रूप से आपको उम्मीद होती है कि आईपीएल के बाद या जब भी भारत की पहली सीरीज होगी, आप खेलेंगे। क्योंकि आपने एक बड़ा टूर्नामेंट जीता है और आईसीसी का खिताब जीतना आसान नहीं होता, खासकर अपनी धरती पर जो इससे पहले कोई ऐसा नहीं कर पाया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन चयनकर्ताओं के पास इसके अपने कारण रहे होंगे और उन्होंने यह फैसला लेने से पहले काफी सोच-विचार किया होगा। लेकिन हां, मुझे दुख पहुंचा था।

अगर आपको दुख या तकलीफ महसूस नहीं होगी तो आप उसे जुनून में कैसे बदलेंगे और उस जुनून के साथ कैसे खेलेंगे? फिलहाल मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं। ’’ सूर्यकुमार ने कहा कि देश के लिए खेलने की उनकी भूख फिर से लौट आई है और वह टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए खेलने की वही भूख फिर लौट आई है, जो पहले मेरे अंदर हुआ करती थी। जब मैं घरेलू क्रिकेट में वापसी करके रन बनाता था, तब भी यही जुनून रहता था। अगर मुझे दोबारा भारत के लिए खेलना है तो मुझे एक बार फिर अपनी जगह बनाने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी।

’’ हाल में मुंबई का कप्तान नियुक्त किए गए सूर्यकुमार ने कहा कि यह जिम्मेदारी मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक के भरोसे और सम्मान को भी दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नाइक चाहें तो किसी अन्य खिलाड़ी को टीम की कप्तानी सौंप सकते थे, लेकिन भारतीय टीम से बाहर रहने के मुश्किल दौर में भी उन्होंने उनका साथ दिया। सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘उस मुश्किल दौर में मेरा साथ देना, मेरा हौसला बढ़ाना और एक बार फिर मुझे राज्य की टीम का कप्तान बनाना बहुत मायने रखता है।

वह किसी और को भी यह जिम्मेदारी दे सकते थे। उनके पास यह विकल्प था, लेकिन उन्होंने मुझे जो जिम्मेदारी, प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़