Chhattisgarh: मुठभेड़ में दो महिला नक्सली ढेर, सुरक्षाकर्मियों से हुई थी भिड़ंत

Chhattisgarh Naxalites
प्रतिरूप फोटो
ANI

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दल जब आज सुबह लगभग सात बजे दंतेवाड़ा-सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नगरम-पोरो हिरमा गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बल पर गोलीबारी शुरू कर दी।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बुधवार को सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के नगरम-पोरो हिरमा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया है।

उन्होंने बताया कि अरनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में राज्य पुलिस की इकाई जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दल को गश्त पर रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दल जब आज सुबह लगभग सात बजे दंतेवाड़ा-सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नगरम-पोरो हिरमा गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बल पर गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के जवानों ने जब जवाबी करवाई की तब नक्सली वहां से भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि बाद में घटनास्थल की तलाशी लेने पर सुरक्षा बलों को वहां एक इंसास राइफल, 12 बोर का एक राइफल और दो महिला नक्सलियों के शव मिले। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़