CJI सूर्यकांत बोले, लोगों को समान व्यवहार के लिए बाध्य नहीं कर सकती अदालत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक व्याख्यान कार्यक्रम में कहा कि अदालतें अधिकारों के हनन का समाधान कर सकती हैं लेकिन समाज को समानता अपनाने के लिए मजबूर नहीं कर सकतीं। उन्होंने बंधुत्व को सामूहिक भलाई और मानवीय उत्कर्ष से जोड़ने वाला अहम तत्व बताया।

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने बुधवार को कहा कि अदालत किसी अधिकार के उल्लंघन का निवारण कर सकती है लेकिन वह लोगों को एक-दूसरे के साथ समान व्यवहार करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती, क्योंकि यह मान्यता पूरे समाज से आनी चाहिए। कानून, न्याय और कानूनी शिक्षा पर शिक्षाविद् फैजान मुस्तफा द्वारा आयोजित मासिक व्याख्यान शृंखला के तीसरे व्याख्यान में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि बंधुत्व ही वह तत्व है जो सामूहिक भलाई को मानव उत्कर्ष से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर बंधुत्व को अनिवार्य मानते थे, इसे “सभी भारतीयों में साझा भाईचारे की भावना” कहते थे और यहां तक चेतावनी दी थी कि इसके बिना स्वतंत्रता और समानता “स्वाभाविक रूप से स्थापित नहीं हो सकतीं”।

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, “न्यायपालिका के लिए यह एक सबक है जो विनम्रता सिखाता है: एक अदालत किसी अधिकार के उल्लंघन का निवारण तो कर सकती है, लेकिन वह लोगों को एक-दूसरे के साथ समान व्यवहार करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती, क्योंकि यह मान्यता समाज से ही मिलनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि मानवीय उत्कर्ष का अधिकार न्यायशास्त्र की एक स्थापित धारा पर आधारित है, जिसके तहत अनुच्छेद 21 को इस तरह समझा गया है कि यह केवल पशुवत जीवन ही नहीं, बल्कि सम्मानपूर्ण जीवन की गारंटी देता है। प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि “जनहित का न्यायशास्त्र: बंधुत्व और मानवीय उत्कर्ष का अधिकार” को अपना विषय बनाकर, प्रोफेसर मुस्तफा इस बात की ओर ध्यान दिलाते हैं कि आखिरकार कानून का उद्देश्य क्या है। उन्होंने कहा, “यह कोई ऐसा विषय नहीं है जिसे हमारे संविधान निर्माताओं ने पूरी तरह से दार्शनिकों पर छोड़ दिया हो; क्योंकि अनुच्छेद 39(बी) में उन्होंने राज्य को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि समुदाय के संसाधनों का स्वामित्व और नियंत्रण इस तरह से हो कि वे जनहित के सर्वोत्तम साधन बन सकें।” अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए, सीजेआई ने कहा कि अगर इसे सही ढंग से समझा जाए, तो यह न तो बहुमत की इच्छा है और न ही कोई काल्पनिक औसत, बल्कि यह एक ऐसी चीज है जो सभी के लिए समान रूप से है, जिसमें किसी एक का हिस्सा दूसरे की कीमत पर हासिल नहीं किया जाता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़