CM Mohan Yadav का ऐलान, टीकमगढ़ के Kundeshwar Dham को महाकाल लोक की तर्ज पर संवारा जाएगा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने टीकमगढ़ में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुंडेश्वर धाम को उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की। पर्यटन विभाग इसके विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करेगा और स्थानीय पीतल कारीगरों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिले में 3,000 करोड़ रुपये की इस्पात इकाई के संचालन और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विस्तार की बात कही।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टीकमगढ़ जिले में ‘कुंडेश्वर लोक’ विकसित किया जाएगा। यादव ने जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन विभाग कुंडेश्वर धाम के विकास के लिए व्यापक योजना तैयार करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘टीकमगढ़ जिले के कुंडेश्वर धाम को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।’’ मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ के पीतल कारीगरों की कला एवं शिल्प को बढ़ावा देने की बात भी कही।

जन विश्वास अभियान के तहत जिला विकास समिति की बैठक के बाद यादव ने जिले के विकास और सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों, प्रमुख नागरिकों और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है तथा जिले की जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यादव ने कहा कि सागर में आयोजित क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन के बाद कई उद्योगपतियों ने निवेश कर उद्योग स्थापित किए हैं और इनमें उत्पादन भी शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि निवाड़ी और टीकमगढ़ के बीच 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस्पात इकाई भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल श्रमिक तैयार करने के लिए आईटीआई और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निराश्रित बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना और राशन वितरण सहित सभी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

यादव ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़