कर्नाटक में CM पद की कीमत 2500 करोड़ रुपए, कांग्रेस नेता ने लगाया बड़ा आरोप

Basavaraj Bommai
ANI Image

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए बहुत अधिक उम्मीदवार हैं और इसमें बड़ी रकम शामिल है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, किसी को भी 2,500 करोड़ रुपए खर्च करने चाहिए। बता दें कि बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की अटकलें एक महीने से भी ज्यादा समय से लगाई जा रही हैं।

बेंगलुरू। कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ग्रैंड ओल्ड पार्टी 'कांग्रेस' ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आक्रामक रुख अख्तियार किया हुआ है। इसी बीच कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने शुक्रवार को बड़ा दावा किया कि मुख्यमंत्री पद बहुत महंगा मामला है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया था कि मुख्यमंत्री पद की कीमत 2,500 करोड़ रुपए है।

इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष 50-50 विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा करेंगे 

अंग्रेजी समाचार वेबसाइट 'एनडीटीवी' की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए बहुत अधिक उम्मीदवार हैं और इसमें बड़ी रकम शामिल है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, किसी को भी 2,500 करोड़ रुपए खर्च करने चाहिए। आपको बता दें कि बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की अटकलें एक महीने से भी ज्यादा समय से लगाई जा रही हैं, लेकिन यह पहली दफा है जब किसी कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री का पद के लिए पैसे देने पड़ते हैं।

राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि लिंगायत समुदाय के प्रभावशाली नेता बीएस येदियुरप्पा को संसदीय पैनल में शामिल किए जाने के बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व बसवराज बोम्मई को दरवाजा दिखा सकता है। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा अगले साल बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। अरुण सिंह ने कहा कि बसवराज बोम्मई को हटाने का कोई सवाल ही नहीं है। हमारे नेतृत्व ने उन पर पूरा भरोसा जताया है। वह निश्चित रूप से अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री और बसवराज बोम्मई के एक अन्य वफादार अश्वत नारायण ने भी दोहराया कि बसवराज बोम्मई चुनाव तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

एनडीटीवी ने भाजपा के शीर्ष सूत्रों के हवाले से बताया कि आलाकमान संसदीय समिति में लिंगायत नेता बीएस येदियुरप्पा और वोक्कालिगा समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले मुख्यमंत्री के साथ लिंगायत-वोक्कालिगा वोट को संतुलित करने की कोशिश कर रहा है। कर्नाटक के मतदाताओं में लिंगायत की 18 फीसदी, जबकि वोक्कालिगा की 15 फीसदी हिस्सेदारी है।

इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में किसी से गठबंधन नहीं करेगी कांग्रेस, डीके शिवकुमार बोले- सामूहिक नेतृत्व में लड़ेंगे विधानसभा चुनाव 

भाजपा विधायक ने किया था बड़ा दावा

भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने मई में दावा किया था कि कुछ लोगों ने उनसे संपर्क कर 2,500 करोड़ रुपए में राज्य के मुख्यमंत्री पद की पेशकश की है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था लेकिन कहा था कि धोखाधड़ी करने वाली कुछ कंपनियां ऐसा करती हैं। उन्होंने कहा था कि राजनीति में एक बात जान लीजिए, झांसे में मत आइए। राजनीति में कई चोर मिलेंगे जो टिकट दिलाने, दिल्ली ले जाने, सोनिया गांधी, जेपी नड्डा से मिलवाने की बात कहते हैं। उन्होंने मेरे जैसे लोगों के साथ ऐसा किया है। कुछ लोगों ने दिल्ली से मेरे पास आकर कहा कि वे मुझे मुख्यमंत्री बनवाएंगे और मुझे केवल 2500 करोड़ रुपए की व्यवस्था करनी है। कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद का इशारा इसी ओर था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़