Congress ने Amit Shah की माफी मांग पर कसा तंज, जयराम रमेश बोले नाकामियों से भटका रहे ध्यान

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप लगाकर कांग्रेस से माफी मांगने पर विपक्षी दल ने नई दिल्ली में कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि शाह अपनी नाकामियों और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
कांग्रेस ने गृहमंत्री अमित शाह द्वारा विपक्षी पार्टी से ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान को लेकर माफी की मांग किये जाने पर रविवार को पलटवार करते हुए कहा कि शाह ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि ‘‘अपनी और अपने साहब की भारी नाकामियों’’ से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शाह की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने 17 दिसंबर, 2024 को राज्यसभा में बी.आर. आंबेडकर का अपमान किया था और वे ऐसी विचारधारा से जुड़े हैं जिसने जनवरी 2002 तक अपने संगठन के मुख्यालय पर तिरंगा फहराना जरूरी नहीं समझा। रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक ऐसा आदमी, जिसने 17 दिसंबर 2024 को राज्यसभा में डॉ. आंबेडकर का अपमान किया।
एक ऐसा आदमी, जो उस विचारधारा से आता है, जिसने जनवरी 2002 तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा फहराना भी उचित नहीं समझा। एक ऐसा आदमी, जो शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर दिल्ली पुलिस की बर्बरता के लिए सीधे जिम्मेदार है।’’ उन्होंने कहा,‘‘अब वही आदमी आज के असली मुद्दों और अपनी तथा अपने साहिब की भारी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस से माफी की मांग कर रहा है। ’’ शाह ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने का आरोप लगाया और मांग की कि पार्टी लोगों और इस गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगे।
केंद्रीय गृहमंत्री के बयान के जवाब में रमेश ने यह प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि जब ‘वंदे मातरम्’ का नारा लगाने पर लाठियां बरसाई गईं, तो कांग्रेस ने ही इस गीत के जरिए आजादी का बिगुल फूंका था। खेड़ा ने कहा, ‘‘उस समय, संघ से जुड़े लोग या तो दुम दबाकर भाग गए या फिर अपने ब्रिटिश आकाओं को खुश करने के लिए दुम हिलाने लगे थे।’’ कांग्रेस के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर 10 दिसंबर, 2025 को राज्यसभा में ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने पर हुई बहस के दौरान रमेश के भाषण का क्लिप भी साझा किया है।
बहस में हिस्सा लेते हुए, रमेश ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इतिहास को गलत तरीके से पेश करने और देश के लिए अपनी जान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का आरोप लगाया था।
अन्य न्यूज़














