कांग्रेस विधायक का कोरोना से निधन,पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लापरवाही के लगाए आरोप

Congress MLA dies from Corona
दिनेश शुक्ल । Sep 15 2020 2:56PM

गोवर्धन दांगी को कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2018 में उम्मीदवार बनाया था जो 826 वोट से जीतकर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे। विधायक गोवर्धन दांगी का आज मंगलवार शाम उनके गाँव मोर्चाखेड़ी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट से विधायक गोवर्धन दांगी का कोरोना के चलते देहांत हो गया। उन्होंने मंगलवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। 62 साल के दांगी को सांस लेने में तकलीफ होने के चलते उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया था। जहाँ से 8 सिंतबर को हालत बिगड़ने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया था। एक सप्ताह से उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। गोवर्धन दांगी को कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2018 में उम्मीदवार बनाया था जो 826 वोट से जीतकर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे। विधायक गोवर्धन दांगी का आज मंगलवार शाम उनके गाँव मोर्चाखेड़ी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में कोरोना से संक्रमण के 2347 नए मामले, 37 और मरीजों की मौत

वही प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने दांगी के देहांत पर शोक जताते हुए उनके इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए है। मीडिया को दिए गए एक बयान में उन्होंने कहा कि भोपाल के अस्पताल में लापरवाहीपूर्वक इलाज किया जा रहा था। दिल्ली में भी उन्हें बताया कि भोपाल में गलत इलाज किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि विधायक दांगी अगस्त में अपने बड़े भाई के ऑपरेशन के लिए मुंबई गए थे। जहाँ उन्हें बुखार और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हुईं। इसके बाद ब्यावरा पहुंचने पर कोरोना की जांच कराई, जो पॉजिटिव आई। मुंबई यात्रा में उनके साथ गए उनके पुत्र, भतीजा व गनमैन भी कोरोना से पीड़ित हो गए थे, लेकिन ये सभी स्वस्थ होकर घर लौट आए।

कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के देहांत के बाद अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों की संख्या 88 हो गई है। प्रदेश में आगामी दिनों में 27 की जगह अब 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगें। दांगी के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह,  ज्योतिरादित्य सिंधिया, सहित पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह, जीतू पटवारी ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़