Tarn Taran बस हादसे के मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देगी Punjab Government

पंजाब के तरनतारन में शनिवार को दो बसों की भीषण टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने इस पूरे मामले पर विपक्षी दलों से राजनीति न करने की भी अपील की।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के तरनतारन जिले में दो बसों की टक्कर में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों से इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। मान ने हादसों को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा पंजाब के मुख्य सचिव को सशर्त समन जारी किए जाने के सवाल पर कहा कि सरकार को मामले में किसी भी गलती के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं के पास शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) संख्या-54 पर पंजाब सरकार द्वारा संचालित तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार तीर्थयात्रियों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इन बसों में राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना’ के तहत कुल 37 तीर्थयात्री सवार थे।हादसा उस वक्त हुआ, जब मोटरसाइकिल को बचाने की कोशिश में एक बस डिवाइडर को पार कर गई, लेकिन दुर्भाग्यवश विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस से इसकी टक्कर हो गई।
मान ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। एनएचआरसी ने बस हादसे के मामले में पंजाब के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए सशर्त समन जारी किया है। आयोग ने अक्टूबर में ‘मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना’ के तहत चलने वाली बसों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर नोटिस जारी किया था।
इसके बाद, उसने सभी बसों की जांच करने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों ने इस हादसे को लेकर ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र की ‘घोर लापरवाही’ के कारण हुई एक त्रासदी है। मान ने अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत में तरनतारन हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।
उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों से भी अस्पताल जाकर मुलाकात की और कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली।
अन्य न्यूज़














