Delhi Rain: अगस्त की औसत बारिश का आंकड़ा पार, सप्ताहांत में IMD का मध्यम वर्षा अनुमान

सफदरजंग वेधशाला ने 21 अगस्त तक 235.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज कर दिल्ली के मासिक औसत 233.1 मिमी को पार कर लिया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार रात हल्की वर्षा और शनिवार को मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि वायु गुणवत्ता 111 एक्यूआई के साथ मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली ने अगस्त महीने में होने वाली अपनी औसत बारिश का आंकड़ा पार कर लिया है, जहां सफदरजंग वेधशाला ने महीने के शुरुआती 21 दिनों में ही 235.3 मिलीमीटर (एमएम) बारिश दर्ज की है। इस सप्ताहांत के दौरान और अधिक बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने शुरुआत में रिपोर्ट दी थी कि दिल्ली ने महीने की शुरुआत में ही अगस्त की अपनी औसत बारिश (233.1 मिलीमीटर) के आंकड़े को पार कर लिया है। हालांकि, बाद में आंकड़ों की प्रविष्टि में हुई एक गलती के कारण एक निश्चित तारीख के आंकड़ों में संशोधन किया गया, जिसके बाद पाया गया कि दिल्ली उस समय औसत मासिक स्तर से नीचे थी। बृहस्पतिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वेधशाला-वार आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। वहीं, लोधी रोड में तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक यानी 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आया नगर में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था।
आईएमडी के अनुसार शुक्रवार को रात में बहुत हल्की बारिश और शनिवार को मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक यानी 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था, जबकि लोधी रोड में यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक यानी 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक के साथ 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आया नगर में यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक यानी 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम पांच बजे 111 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा , 51 से 100 को संतोषजनक , 101 से 200 को मध्यम , 201 से 300 को खराब , 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
अन्य न्यूज़














