Chhath Puja: Delhi में श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे 2000 से अधिक घाट, प्रवेश वर्मा ने दी जानकारी

दिल्ली सरकार और स्थानीय निकाय छठ महापर्व के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी में 2,000 से ज्यादा घाट तैयार कर रहे हैं। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने आईटीओ स्थित अस्थायी छठ घाट का निरीक्षण कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छ जल सहित तमाम आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को आईटीओ स्थित छठ घाट का निरीक्षण करने के दौरान कहा कि सरकार तथा स्थानीय निकाय इस पर्व के लिए राष्ट्रीय राजधानी भर में 2,000 से अधिक घाट तैयार कर रहे हैं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का भी प्रभार संभाल रहे वर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ जल सहित सभी उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब दिल्ली में पूर्वांचली इतनी बड़ी संख्या में रहते हैं और यह उनका प्रमुख पर्व है, तो सरकार को इसे बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए।
सरकार, हमारी मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और सभी विधायक मिलकर काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि कालिंदी कुंज में एक और घाट तैयार किया जा रहा है, जो अगले साल तक बनकर तैयार हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि आईटीओ स्थित इस अस्थायी घाट को पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में काफी बड़े पैमाने पर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ इस छठ घाट पर आएंगे और देखेंगे कि हमारी सरकार ने 20 माह से भी कम समय में क्या काम किया है, जो वे 10 वर्षों में नहीं कर सके।’’ वर्मा ने कहा कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आगामी 13 नवंबर से शुरू हो रहे चार दिवसीय महापर्व से पहले, दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने सोमवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे।
अन्य न्यूज़














