सिक्के खरीदने के नाम पर Cyber Fraud करने वाले छह आरोपी Bihar से पकड़े गए

झालावाड़ जिला पुलिस ने दुर्लभ सिक्के खरीदने का झांसा देकर महिला से ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर 56 वर्षीय पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुराने और दुर्लभ सिक्के खरीदने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने, फर्जी पुलिस नोटिस भेजने और कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने में शामिल एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा करते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के सदस्यों द्वारा एक महिला को यह धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था कि उसके बेटे को गंभीर मामले में फंसा दिया जाएगा।
महिला (56) ने लगातार आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी। झालावाड़ जिला पुलिस ने इस मामले में बिहार से गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह नाबालिग लड़कों और एक नाबालिग लड़की को निरुद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि झालावा की रहने वाली मधुबाला ठाकुर ने कथित तौर पर अज्ञात साइबर ठगों के सुनियोजित जाल, लगातार अवैध वसूली और गंभीर मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी।
इस संबंध में पीड़िता की बेटी ने इसी एक नवंबर को पुलिस थाना कोतवाली में मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस ने शुरू में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मृतका के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। अनुसंधान के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और डाटा से ठगी के तार बिहार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद प्रकरण में जबरन वसूली, धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने पीड़िता के मोबाइल फोन, बैंक खातों, ऑनलाइन लेनदेन, यूपीआई क्यूआर कोड और कॉल डिटेल का बारीकी से विश्लेषण किया। विभिन्न बैंक खातों में धनराशि के लेन-देन की कड़ियां जोड़ते हुए संदिग्ध खाताधारकों और गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई।
इसके बाद झालावाड़ पुलिस की टीम ने बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिला पुलिस के विशेष सहयोग से छह नवंबर को विभिन्न ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गिरोह के मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा अपराध में संलिप्त दो बालक और एक बालिका को निरुद्ध किया गया। आरोपियों के कब्जे से अपराध में संपर्क और लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर झालावाड़ लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार छह आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि पकड़े गए नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल करवाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार लोगों में आरती कुमारी पत्नी विमलेश कुमार निवासी जिला सहरसा, मंजू देवी पत्नी मनोजदास तांती निवासी जिला खगड़िया, अजीत कुमार निवासी जिला मधेपुरा, सतीश कुमार उगणा निवासी जिला मधेपुरा, रंजू देवी पत्नी प्रमोद कुमार निवासी जिला मधेपुरा, खुशबू पत्नी नितेश निवासी जिला मधेपुरा शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने और दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों को लाखों रुपये में खरीदने के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित करता था। इसी झांसे में मृतका भी आ गईं।
महिला ने सिक्के बेचने की पेशकश की तो शुरुआत में आरोपियों ने उनसे अकाउंट आदि खोलने के बहाने छोटी सी रकम ली और बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगने शुरू कर दिए। महिला ने जब अपनी आर्थिक असमर्थता जताते हुए रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें डराना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। झालावाड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के या नोट लाखों-करोड़ों रुपये में खरीदने के दावों वाले विज्ञापनों पर विश्वास न करें।
अन्य न्यूज़














