RK Pachauri Sexual Harassment Case: Delhi High Court ने रद्द की आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली उच्च न्यायालय ने टेरी के पूर्व प्रमुख आरके पचौरी पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की आईसीसी रिपोर्ट और औद्योगिक न्यायाधिकरण के आदेश को रद्द कर दिया है। अदालत ने पूरे मामले को नए सिरे से निष्पक्ष समीक्षा के लिए स्थानीय शिकायत समिति को सौंपने का निर्देश दिया। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि पचौरी के निधन के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की व्यावहारिकता पर विचार करना अनिवार्य होगा।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने यौन उत्पीड़न के मामले में टेरी के पूर्व प्रमुख आर. के. पचौरी के खिलाफ आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की रिपोर्ट को खारिज कर दिया है और पूरे प्रकरण को नए सिरे से जांच के लिए स्थानीय समिति को वापस भेज दिया है। उच्च न्यायालय ने कहा कि स्थानीय समिति शिकायत और रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री की स्वतंत्र रूप से जांच करेगी। अदालत ने कहा कि सक्षम मंच द्वारा पचौरी के निधन का आगे की कार्यवाही की स्वीकार्यता और व्यावहारिकता पर पड़ने वाले असर पर विचार करना आवश्यक होगा।

न्यायमूर्ति अमित महाजन ने 17 नवंबर को दिये आदेश में कहा, ‘‘19 मई 2015 की (आईसीसी)रिपोर्ट, और साथ ही इसे सही ठहराने वाला औद्योगिक न्यायाधिकरण का तीन जुलाई 2023 का फैसला, कायम नहीं रखा जा सकता और इन्हें रद्द किया जाता है।’’ आदेश की प्रति 23 नवंबर को अदालत की बेवसाइट पर प्रकाशित की गई। टेरी की एक पूर्व कर्मचारी ने फरवरी 2015 में पचौरी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मई 2015 में आईसीसी की एक आंतरिक जांच में उन्हें यौन उत्पीड़न का दोषी पाया गया।

पचौरी ने इन आरोपों से इनकार किया और औद्योगिक न्यायाधिकरण के समक्ष इन निष्कर्षों को चुनौती दी, जिसने उन निष्कर्षों को बरकरार रखा। पचौरी का फरवरी 2020 में निधन हो गया और उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने आईसीसी की रिपोर्ट तथा औद्योगिक न्यायाधिकरण के फैसले को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। उच्च न्यायालय ने मामले पर फैसला सुनाते हुए कहा कि इस शिकायत पर स्थानीय समिति को विचार करना चाहिए था, न कि ‘कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम’ (पोश अधिनियम) की धारा-4 के तहत टेरी द्वारा गठित आईसीसी को।

फरवरी 2015 में, पचौरी के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 354, 354(ए), 354(डी) (छेड़छाड़) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़