Delhi में Credit Card के नाम पर ठगी, निजी बैंक के कर्मचारी समेत दो गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के जरिए धोखाधड़ी करने के मामले में एक निजी बैंक के कर्मचारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ग्राहकों की जानकारी और बैंक की आंतरिक प्रक्रियाओं का गलत इस्तेमाल कर फर्जी कार्ड से पैसे निकालने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से 7.15 लाख रुपये नकद, आठ क्रेडिट कार्ड और 16 इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं।
दिल्ली पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के जरिए धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में एक निजी बैंक के एक मौजूदा और एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोप है कि दोनों ने ग्राहकों की जानकारी और बैंक की आंतरिक प्रक्रियाओं का गलत इस्तेमाल कर नए क्रेडिट कार्ड जारी करवाए और उनकी क्रेडिट लिमिट का पैसा निकाल लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों की पहचान बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग में ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ मुकेश कुमार (33) और बैंक के पूर्व ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ अनिल कुमार (34) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब एक महिला ने शिकायत की कि उसके क्रेडिट कार्ड से अनधिकृत लेनदेन हुआ है, जबकि असली कार्ड उसके पास ही था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता महिला की जानकारी के बिना उनके क्रेडिट कार्ड से जुड़ा पंजीकृत मोबाइल नंबर बदल दिया व नया जारी किया गया कार्ड हासिल कर उसका पिन बनाया किया और उसका इस्तेमाल करके नकदी निकाल ली और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा। पुलिस के मुताबिक, एटीएम से 53,000 रुपये निकाले गए और 1.18 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा गया, जिससे शिकायतकर्ता महिला को कुल 1.71 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस ने 23 जुलाई को एक ई-प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.15 लाख रुपये नकद, धोखाधड़ी से हासिल किए गए आठ क्रेडिट कार्ड, सात मोबाइल फोन और 16 इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों की गिरफ्तारी से आरोपियों से जुड़ी साइबर धोखाधड़ी की छह और शिकायतें सुलझा ली गई हैं, जिनमें कुल 10.57 लाख रुपये से ज़्यादा की धोखाधड़ी शामिल थी।
अन्य न्यूज़















