INDIA गठबंधन के मार्च से पहले Delhi में 20000 सुरक्षाकर्मी तैनात

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में चौकसी बढ़ा दी है। संसद, कनॉट प्लेस और राष्ट्रपति भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर अर्धसैनिक बलों के जवानों के साथ बैरिकेड लगाए गए हैं। यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों को परामर्श का पालन करने को कहा है।
नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हस्तक्षेप की मांग के संबंध में इंडिया गठबंधन के शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन तक प्रस्तावित मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने भी शनिवार को कुमार के खिलाफ एक और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। संसद, कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।
पुलिस टीमें संभावित भीड़ जमा होने वाले स्थानों और राष्ट्रपति भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर कड़ी नजर रख रही हैं। प्रमुख सड़कों पर तैनात करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। रणनीतिक बिंदुओं पर नाके और बैरिकेड लगाए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की योजना बनाते समय यातायात परामर्शों का पालन करने का आग्रह किया है, क्योंकि मध्य दिल्ली में कई सड़कों पर प्रतिबंध या उन पर मार्ग परिवर्तन लागू किए गए हैं।
अन्य न्यूज़














