Delhi Police Special Cell ने 12 करोड़ रुपये की हेरोइन समेत गोदारा गिरोह का सदस्य पकड़ा

Delhi Police Special Cell ने 12 करोड़ रुपये की हेरोइन समेत गोदारा गिरोह का सदस्य पकड़ा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और गुजरात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े कुलदीप स्वामी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य की दो किलोग्राम हेरोइन, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी अमृतसर से मादक पदार्थों की खेप लाकर दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में सप्लाई करता था।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और गुजरात पुलिस की वडोदरा अपराध शाखा ने संयुक्त अभियान में कथित मादक पदार्थ-रंगदारी वसूली गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पाकिस्तानी मूल की करीब दो किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के चूरू के कुलदीप स्वामी (31) के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि कुलदीप गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेंद्र देलाना गिरोह से जुड़ा है तथा गुजरात के वडोदरा में दर्ज 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित है। पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर को शाम करीब साढ़े पांच बजे कुलदीप को चांदनी चौक के कूचा घासी राम में बीकानेर स्वीट्स के पास पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार उसके पास से हवाला राशि की पहचान के लिए इस्तेमाल एक मुद्रा नोट और कार की चाबियां मिलीं।

बाद में उसकी निशानदेही पर नजफगढ़ के जय विहार फेज-1 से कार जब्त कर ली गई। पुलिस के मुताबिक कार की डिक्की में अतिरिक्त पहिये के पास विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खाने में चार पैकेटों में करीब दो किलोग्राम हेरोइन छिपाकर रखी गई थी। इसके बाद 13 सितंबर को विशेष प्रकोष्ठ थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि जांच में सामने आया कि गिरोह रंगदारी वसूलने और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एक बहुस्तरीय नेटवर्क चला रहा था। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिये पहले से तय संकेत शब्दों, ‘लाइव लोकेशन’ और मुद्रा नोटों की तस्वीरों का इस्तेमाल पहचान की पुष्टि के लिए किया जाता था। पुलिस ने बताया कि कुलदीप मुख्य सहयोगी के तौर पर दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में पांच लाख से 50 लाख रुपये तक की रंगदारी की रकम पहुंचाता था तथा उसे प्रत्येक काम के लिए 15 से 20 हजार रुपये दिए जाते थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पांच सितंबर को महेंद्र देलाना के निर्देश पर कुलदीप मादक पदार्थों की खेप लेने अमृतसर गया था और अगले दिन उसने दो अज्ञात लोगों से दो किलोग्राम हेरोइन ली एवं उसे कार के गुप्त खाने में छिपाकर दिल्ली लौट आया। उन्होंने बताया कि कुलदीप पहले सरदारशहर की कृषि मंडी में कृषि जिंसों का कारोबार करता था और 2022 में कारोबार में 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने के बाद उसने कर्ज चुकाने के लिए इंस्टाग्राम के जरिये महेंद्र देलाना से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार, महेंद्र देलाना गैंगस्टर रोहित गोदारा का सहयोगी है और विदेश से गिरोह की गतिविधियां संचालित करता है।

महेंद्र देलाना तीन राज्यों में पांच से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वांछित है। पुलिस ने बताया कि रोहित गोदारा और महेंद्र देलाना उत्तर भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में हत्या तथा रंगदारी के लिए गोलीबारी जैसी गतिविधियों से जुड़े हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में दो मोबाइल फोन और कार भी बरामद की गई है।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी हिरासत में है और उसके अन्य सहयोगियों की पहचान करने, हवाला के रास्तों का पता लगाने तथा महेंद्र देलाना और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़