कर्नाटक सरकार के 100-दिन कार्यक्रम में सबको मिला था न्योता, DK Shivkumar ने दी सफाई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कनकपुरा में कहा कि सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद और विपक्षी विधायकों सहित सभी को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने साफ किया कि मंच के प्रोटोकॉल को लेकर पार्टी के अपने नियम हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद को उनकी सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों सहित सभी को निमंत्रण भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने अपने गृहनगर कनकपुरा में संवाददाताओं से कहा, हमने सभी को आमंत्रित किया था।
जहां तक प्रोटोकॉल का सवाल है, तो मंच पर किसे होना चाहिए, इसके लिए हमारे अपने नियम हैं। शिवकुमार ने कहा, जहां तक हमारी पार्टी के अध्यक्ष का सवाल है, पार्टी जो भी निर्देश देती है, हम उसके साथ मिलकर काम करते हैं। हम कई फैसले लेते हैं और मिलकर आगे बढ़ते हैं।
हमने अपने सभी पदाधिकारियों और सभी लोगों को निमंत्रण भेजा है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब ऐसी खबरें सामने आई थीं कि विधान परिषद के सदस्य हरिप्रसाद विधान सौध के बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज थे और उन्होंने यह मुद्दा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के नेताओं के समक्ष उठाया है। हालांकि, हरिप्रसाद की ओर से इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
अन्य न्यूज़













