DK Shivakumar बोले- सिद्धरमैया समेत किसी का बुरा नहीं चाहा, सकारात्मक काम करना लक्ष्य

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक के डी के शिवकुमार ने मैसुरु में पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के दौरान कहा कि उन्होंने अपने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया सहित कभी किसी का अहित नहीं चाहा। उन्होंने दोनों नेताओं के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उनका मकसद लोगों के दिलों में जगह बनाना है। शिवकुमार ने राजनीति की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष भले ही आलोचना करे, लेकिन वह धैर्यपूर्वक काम करते रहेंगे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उनका लक्ष्य लोगों के जीवन पर स्थायी और सकारात्मक प्रभाव छोड़ना है और उन्होंने अपने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया सहित किसी का भी बुरा नहीं चाहा। सिद्धरमैया का यह बयान दोनों नेताओं के बीच मतभेद की अटकलों के बीच आया है। शिवकुमार ने बुधवार को शोधकर्ता रम्या की पुस्तक ‘चलिसुवा बांडे’ (द मूविंग रॉक) के विमोचन के अवसर पर कहा कि उन्होंने सिद्धरमैया के साथ काम किया है और उनका उन्हें या किसी अन्य को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।

उनके कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘अपने कार्यकाल के दौरान मैं ऐसे काम करूंगा जो लोगों के दिलों में जगह बना पाए। मैं किसी का बुरा नहीं चाहूंगा। मैंने सिद्धरमैया के साथ काम किया है।

मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो उनका या किसी और का बुरा चाहे। भविष्य में भी मैं किसी का बुरा नहीं चाहूंगा। यह मेरा संकल्प है।’’ ये टिप्पणियां शिवकुमार द्वारा सोमवार को उनके और सिद्धरमैया के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज किए जाने के बाद आई हैं।

उन्होंने कहा था कि दोनों के बीच किसी भी तरह का, छोटा या बड़ा, कोई मतभेद नहीं है। अपने राजनीतिक सफर पर बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इसके लिए धैर्य, लगन और आलोचनाओं को सहने की क्षमता की जरूरत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राजनीति नामक दरिया में तैरना आसान नहीं है। तैरकर किनारे तक पहुंचना और भी मुश्किल है। कुछ लोग यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि मुझे एक, दो, तीन या छह महीने तक सरकार चलाने का मौका मिलता है या नहीं और मैं क्या करता हूं।

विपक्ष मेरी तरक्की को पचा नहीं पा रहा है। कुछ लोग तो मेरा नाम तक नहीं लेना चाहते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो ऐसी आलोचनाओं के आगे झुक जाए। मैं बस धैर्य बनाए हुए हूं।’’ खुद पर और कर्नाटक की जनता पर भरोसा जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका इरादा किसी को धोखा देने या परेशान करने का नहीं है।

वह ये सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनके कार्यकाल में लोगों को कोई अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। शिवकुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के साथ अपने संबंधों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद कांग्रेस-जनता दल (सेक्युलर) (जद-एस) गठबंधन सरकार के दौरान उन्होंने कभी भी कुमारस्वामी को कमजोर करने की कोशिश नहीं की।

अपनी शिक्षा यात्रा को याद करते हुए शिवकुमार ने कहा कि लगभग 48 साल की उम्र में मैसूर विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम के जरिए डिग्री हासिल करने से उन्हें कैबिनेट मंत्री या मुख्यमंत्री बनने से भी अधिक खुशी मिली थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़