Kerala: फर्जी Forex ट्रेडिंग के नाम पर अमेरिका में रह रहे NRI से 2.11 करोड़ रुपये की ठगी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल के कुन्नाथुनाडु निवासी एक एनआरआई से फर्जी ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 2.11 करोड़ रुपये से अधिक ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित को सोशल मीडिया लिंक और टेलीग्राम के जरिए हैंडटेक मार्केट्स नाम की फर्जी वेबसाइट पर निवेश करने का झांसा दिया गया था। रकम निकालने में असफल रहने के बाद एर्नाकुलम ग्रामीण साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है।

केरलम के कुन्नाथुनाडु के रहने वाले एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) को फर्जी ऑनलाइन विदेशी मुद्रा कारोबार मंच के जरिये निवेश का लालच देकर कथित तौर पर दो करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एर्नाकुलम ग्रामीण साइबर अपराध पुलिस ने बुधवार को एनआरआई के एक मित्र की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।

41 वर्षीय पीड़ित एनआरआई है और फिलहाल अमेरिका में रह रहा है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित को इंटरनेट पर ‘हैंडटेक मार्केट्स’ नाम की वेबसाइट का एक लिंक मिला था, जिसके बाद उसे टेलीग्राम समूह में जोड़ दिया गया। आरोपियों ने बाद में उसे ‘हैंडटेक मार्केट्स ग्लोबल लिमिटेड’ का लिंक भेजा, जो उसे विदेशी मुद्रा कारोबार की एक फर्जी वेबसाइट पर ले गया।

पुलिस ने बताया कि ठगों ने टेलीग्राम के जरिये पीड़ित को निवेश करने का तरीका बताया और उन्हें दिए गए लॉगिन विवरण का इस्तेमाल कर वेबसाइट पर लॉगिन करने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने अक्टूबर 2025 से कई बार अपने बैंक खातों से आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग खातों में रकम हस्तांतरित की। इस तरह फर्जी कारोबार मंच पर कथित तौर पर कुल दो करोड़ 11 लाख 35 हजार 77 रुपये निवेश किए गए।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तब ठगी का पता चला। हालांकि, उसे न तो मूल रकम लौटाई गई और न ही वादे के मुताबिक कोई मुनाफा दिया गया। भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। हालांकि, जिन बैंक खातों में रकम हस्तांतरित की गई है, उनका पता लगाया जा रहा है और उन्हें जल्द से जल्द फ्रीज कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़