Vrindavan में Premanand Maharaj के आश्रम बाहर लापता किशोर के परिजनों का प्रदर्शन

vrindavan
AI-Generated

वृंदावन के केलि कुंज आश्रम से तीन जुलाई से लापता किशोर के परिजनों ने आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन उनके बेटे के बारे में जानकारी नहीं दे रहा है। वहीं पुलिस ने जांच के बाद बताया कि किशोर आश्रम में नहीं रह रहा है और उसे तलाशने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

वृंदावन स्थित प्रेमानंद गोविंद शरण (प्रेमानंद जी महाराज) के केलि कुंज आश्रम से तीन जुलाई से लापता 17 वर्षीय किशोर के परिजनों ने आश्रम परिसर के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। यह घटनाक्रम 25 सितंबर को एक शिष्य द्वारा कथित तौर पर खुदकुशी किए जाने के बाद सामने आया है। हाथरस जिले के निवासी अनुज चौधरी ने 26 जून को केलि कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद से दीक्षा ली थी। अनुज के पिता राजवीर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि दीक्षा लेने के बाद 26 जून को अनुज घर लौट आया था। 

उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को वह फिर संत प्रेमानंद का आशीर्वाद लेने के लिए आश्रम गया था। उसके पास तीन पुस्तकें और तुलसी की एक माला थी। राजवीर बताया कि इसके बाद से परिवार को अनुज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। परिवार ने आरोप लगाया कि आश्रम प्रबंधन ने न तो उन्हें आश्रम में प्रवेश करने दिया और न ही उनके बेटे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी। 

राजवीर ने कहा कि 25 सितंबर को केलि कुंज में एक शिष्य की खुदकुशी की घटना के बाद उनका परिवार चिंतित हो गया। नाराज परिजनों ने गांव के अन्य लोगों के साथ मिलकर शुक्रवार को आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया। वृंदावन के पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार दोपहर इस मामले की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि अनुज के माता-पिता ने पांच जुलाई को हाथरस जिले के सादाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि उनका बेटा कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इसके बाद माता-पिता वृंदावन आए और आरोप लगाया कि उनका बेटा आश्रम में है तथा आश्रम प्रबंधन उन्हें सही जानकारी नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आश्रम प्रबंधन से बात की और जांच में पता चला कि अनुज ने 26 जून को आश्रम में दीक्षा ली थी, लेकिन वह वहां रह नहीं रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार को इस स्थिति के बारे में जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि अनुज को ढूंढ़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़