Faridabad में कार को रास्ता देने के विवाद में ASI के बेटे ने चलाई गोलियां, दो भाई घायल

फरीदाबाद के कच्चा खेड़ी रोड पर रास्ता मांगने पर हुए झगड़े में 28 वर्षीय जसवंत ने लाइसेंसी रिवाल्वर से चार राउंड फायरिंग कर दो युवकों को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और कार जब्त कर ली है।
राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में कच्चा खेड़ी सड़क पर स्थित सेंट्रल बैंक के करीब सड़क पर हुए विवाद में एक पुलिसकर्मी के बेटे ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दो भाइयों को घायल कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की गर्दन में गोली लगी है जबकि दूसरे की छाती में और दोनों का इलाज सेक्टर-21 ए स्थित एक अस्पताल में किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में आरोपी फरीदाबाद की भारत कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय जसवंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि जसवंत सहायक उप निरीक्षक का बेटा है और शहर के एनआईटी इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल के बिलिंग विभाग में काम करता है। पुलिस के मुताबिक भारत कॉलोनी में ही रहने वाला पीयूष रात करीब 9:20 बजे कार से दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था।
कार में उसके साथ उसके चचेरे भाई प्रशांत, प्रिंस और तुषार भी थे। रास्ते में, पीयूष ने सामने से आ रही मारुति ब्रेजा कार को हॉर्न बजाकर रास्ता देने के लिए कहा, लेकिन कथित तौर पर वाहन चला रहे जसवंत ने अपनी गाड़ी पीयूष की कार के सामने खड़ी करके रास्ता रोक दिया। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक इसको लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई और जसवंत ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया, रिवाल्वर निकाली और पीयूष तथा उसके चचेरे भाइयों पर कई गोलियां चलाईं।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि चिकित्सकों ने प्रिंस के शरीर से एक गोली निकाली है, जबकि उसके बड़े भाई प्रशांत की सर्जरी होनी है। प्रशांत का इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम है, जबकि प्रिंस अभी बीटेक के दूसरे वर्ष का छात्र है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि चार दिन पहले ही प्रशांत पिता बना था और घर में जश्न की तैयारियां चल रही थीं।
खेरी पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया, ‘‘शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रास्ता देने को लेकर हुए विवाद के बाद, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से चार गोलियां चलाई थीं, जो प्रशांत और प्रिंस को लगी। हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने रिवॉल्वर और जसवंत की कार को जब्त कर लिया, और घटनास्थल से सात कारतूस तथा चार खोखे बरामद किए। कुमार ने बताया कि जसवंत को शुक्रवार को शहर की अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
अन्य न्यूज़













