Bhubaneswar Airport पर हंगामा करने वाली महिला पर FIR दर्ज, तकनीकी खराबी से रद्द हुई थी Kolkata Flight

भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोलकाता जाने वाली उड़ान रद्द होने के बाद हंगामा करने और एयरलाइन कर्मचारियों से बदसलूकी करने पर एक महिला यात्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों के मुताबिक बृहस्पतिवार को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई और बाद में इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद नाराज महिला कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
कोलकाता जाने वाली उड़ान रद्द होने के बाद भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री ने हंगामा किया और एयरलाइन के कर्मचारियों पर भी चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि महिला कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई और कुछ सामान भी फेंक दिए। अधिकारियों के अनुसार, महिला के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और एयरलाइन काउंटर (एयरलाइन का सेवा डेस्क) पर कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि महिला के कर्मचारियों पर जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। महिला का बच्चा कोलकाता में कथित तौर पर बीमार था। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजकर 35 मिनट पर रवाना होने वाली उड़ान शाम साढ़े पांच बजे रद्द कर दी गई, लेकिन यात्रियों को इसकी जानकारी समय पर नहीं दी गई।
बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण देरी हुई और बाद में इसे रद्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उड़ान रद्द होने से नाराज महिला ने संबंधित एयरलाइन के कर्मचारियों पर चिल्लाना शुरू कर दिया। एयरपोर्ट प्राधिकरण ने यात्री के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि उसने बिना किसी उकसावे के सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, कर्मचारियों से बदसलूकी की, कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई और एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
अन्य न्यूज़














