मणिपुर में चार छात्र नेताओं पर हमला करने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

arrest
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

राज्य के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया है। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक था। इसे निलंबित कर दिया गया है।

मणिपुर के काकचिंग जिले में चार छात्र नेताओं पर हमला करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि कथित हमले के सिलसिले में काकचिंग पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और सत्यापन के लिए दो वाहन जब्त कर लिए गए।

बयान में कहा गया है कि चंदेल जिले के चार छात्रों पर 30 अक्टूबर की रात को काकचिंग-लामखाई-पल्लेल रोड पर बिजॉयपुर के पास अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर हमला किया था।

पुलिस के बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग पल्लेल थोंग वांगमा और पल्लेल चंदेल लामखाई इलाकों के निवासी हैं। इससे एक दिन पहले सिरती उपा रूह (मोनसांग जनजाति संघ) ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चार मोनसांग जनजाति छात्र नेताओं पर ‘‘हमला’’ किए जाने की निंदा की थी।

मणिपुर में मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा जारी है। इनके बीच झड़पों में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया है। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक था। इसे निलंबित कर दिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़