Bhojpur में सोन नदी में डूबे तीन किशोर, बचाने उतरे युवक समेत 4 लोगों की मौत

भोजपुर जिले के संदेश थाना अंतर्गत तीर्थकौल घाट पर शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान तीन नाबालिग पानी के तेज बहाव में डूब गए। उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने चारों शव बरामद किए। राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार को सोन नदी में डूबने से तीन नाबालिगों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चों को बचाने के लिए नदी में कूदे एक व्यक्ति की भी डूबने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आकाश कुमार (15), प्रेम कुमार (10), सिद्धांत कुमार (16) और सुधीर कुमार (25) के रूप में हुई है। भोजपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-एक) सुशील कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “यह घटना संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल घाट पर हुई। ग्रामीणों के अनुसार, सोन नदी में नहाते समय तीन लड़के डूब गए।
उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदे सुधीर कुमार भी डूब गए।” उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों ने चारों के शव नदी से बाहर निकाले। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नदी में डूबने से जान गंवाने वाले चारों लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
अन्य न्यूज़













