Lucknow में Maulana Jarjis Ansari के खिलाफ गौ सेवा संगठन ने किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

Prabhasakshi Image

लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर 31 जुलाई को भारतीय गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौलाना जर्जिस अंसारी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने के आरोप में मौलाना की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। भारतीय गौ सेवा परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि संगठन अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत भी सौंपेगा।

भारतीय गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू देवी-देवताओं पर अंसारी की कथित टिप्पणियों को लेकर उनकी गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। दोपहर करीब 12:30 बजे भगवा झंडे लेकर प्रदर्शनकारी हजरतगंज चौराहे पर जमा हुए और मौलाना के खिलाफ नारेबाजी की।

इसके बाद उन्होंने अंसारी का पुतला जूतों से पीटकर उसे आग के हवाले कर दिया। यह प्रदर्शन करीब 15 मिनट तक चला। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अंसारी ने अपनी टिप्पणियों से भगवान शिव और भगवान कृष्ण का अपमान किया है।

उन्होंने मौलाना के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। भारतीय गौ सेवा परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि मौलाना ने सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ बार-बार आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि संगठन अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को शिकायत भी सौंपेगा।

भगवान शिव के खिलाफ यह कथित टिप्पणी अंसारी ने इस महीने की शुरुआत में बिहार में की थी। विवाद उस बयान के बाद और बढ़ गया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भगवान कृष्ण दिन में पांच बार नमाज पढ़ते थे। इससे पहले इसी महीने लखनऊ पुलिस ने हिंदू धार्मिक भावनाओं को आहत करने की शिकायत मिलने पर हजरतगंज थाने में अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किए गए कृत्यों से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़