Gorakhpur में अंतर-राज्यीय अवैध हथियार गिरोह का पर्दाफाश, Goldy Brar गैंग से जुड़े व्यक्ति समेत 5 गिरफ्तार

Gorakhpur में अंतर-राज्यीय अवैध हथियार गिरोह का पर्दाफाश, Goldy Brar गैंग से जुड़े व्यक्ति समेत 5 गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश एसटीएफ और गोरखपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मध्य प्रदेश और हरियाणा से पूर्वांचल में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से चार पिस्तौल, एक रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए 100 से अधिक पिस्तौल बेची थीं।

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में हथियार आपूर्ति करने वाले एक अंतर-राज्यीय अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गोरखपुर में गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह से कथित तौर पर जुड़े एक व्यक्ति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 बोर की चार पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किये हैं। यश ने कहा, ‘‘पकड़े गये आरोपी एक संगठित गिरोह के लिये काम करते हुए मध्य प्रदेश और हरियाणा से अवैध रूप से हथियार खरीदकर पूर्वांचल के जिलों में उनकी आपूर्ति करते थे।

उन्होंने इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया मंचों के जरिए 100-150 पिस्तौल बेची थीं।’’ उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में श्रेयंश यादव उर्फ बबलू का कथित तौर पर संबंध गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह से है। उन्होंने यह भी कहा कि इस गिरोह द्वारा दिये गये हथियारों का इस्तेमाल कथित तौर पर महाराष्ट्र में आपराधिक गतिविधियों में भी किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह गिरोह मध्य प्रदेश के बड़वानी और हरियाणा के सोनीपत से अवैध रूप से हथियार लाता था और उन्हें गोरखपुर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में बेचता था।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने 14 सितंबर की रात को छावनी इलाके में विंध्यवासिनी पार्क के गेट के पास पांच आरोपियों बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौर, अभिषेक प्रजापति और राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक पकडे गये तस्करों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वे मध्य प्रदेश और हरियाणा में कम कीमत पर पिस्तौल खरीदते थे और उन्हें इस इलाके में ऊंची कीमतों पर बेचते थे। इस मामले में एसटीएफ की शिकायत पर छावनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़