शहीदों की, स्मारकों की अनदेखी कर रही सरकार: अमरिंदर

[email protected] । Oct 19 2016 2:32PM

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने आज प्रकाश सिंह बादल सरकार पर राज्य में शहीद सैनिकों के परिवारों की कथित अनदेखी का आरोप लगाया।

बठिंडा। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने आज प्रकाश सिंह बादल सरकार पर राज्य में शहीद सैनिकों के परिवारों की कथित अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अकाली दल-भाजपा सरकार यहां फौजी (शहीद) चौक पर विक्टोरिया क्रॉस और महावीर चक्र विजेता सूबेदार नंद सिंह की प्रतिमा की देखरेख तक नहीं कर सकी है। अमरिंदर ने आज बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रतिमा की सफाई की। प्रतिमा की हालत पर क्षोभ प्रकट करते हुए अमरिंदर ने कहा कि अगर सरकार स्मारकों की उचित देखभाल नहीं कर सकती है तो उन्हें बनाने का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने भारतीय सेना से इस तरह की संपत्तियों की देखभाल करने का अनुरोध किया ताकि उन्हें जीर्ण-शीर्ण होने से बचाया जा सके। पहली सिख बटालियन में रहे अमरिंदर ने नंद सिंह स्मारक की हालत को बयां करते हुए कहा कि यह इस बात का एक और उदाहरण है कि सत्तारूढ़ बादल परिवार हमारे सैनिकों और उनके स्मारकों की कितनी कम देखरेख करता है। अमरिंदर की पुस्तक ‘लेस्ट वी फॉरगेट’ में भी सैनिकों का उल्लेख है। उन्होंने पंजाब में युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं की व्यथा का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘दुर्भाग्य से बादल सरकार ने कभी हमारी सेना या इसके जवानों के लिए बहुत सम्मान नहीं दिखाया।’’ अमरिंदर ने शहीद सैनिकों की विधवाओं और परिवारों की चिंताओं पर ध्यान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष मंगलवार को अपनी किसान यात्रा के दूसरे दिन भटिंडा पहुंचे जिसे बादल परिवार का गढ़ माना जाता है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़