Gujarat के Kutch और Banaskantha में सड़क विकास के लिए 692 करोड़ रुपये मंजूर

गुजरात सरकार ने ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने और औद्योगिक आवाजाही को गति देने के लिए हाई-स्पीड कॉरिडोर पहल के तहत 692 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कच्छ में तीन सड़कों के उन्नयन के लिए 363 करोड़ रुपये और बनासकांठा में सिहोरी-पाटन सड़क के लिए 229 करोड़ रुपये मंजूर किए। इससे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी और भारी वाहनों का सफर भी तेज बनेगा।
गुजरात सरकार ने औद्योगिक और कृषि उत्पादों के लिए ग्रामीण इलाकों में सम्पर्क बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कच्छ और बनासकांठा जिलों में ‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ पहल के तहत 692 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कच्छ में तीन सड़कों को सात मीटर से 10 मीटर तक चौड़ा और उन्नयन करने के लिए 363 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इन सड़कों में पांध्रो-नारायण सरोवर रोड, लखपत-नारायण सरोवर रोड और दयापर-सुभाषपर-पांध्रो रोड शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि सड़कों को बेहतर बनाने से नारायण सरोवर और कोटेश्वर जैसे तीर्थ स्थलों और आस-पास के पर्यटन स्थलों तक की यात्रा सुगम होने की उम्मीद है, जिससे इस इलाके में पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही, बनासकांठा में सिहोरी-पाटन सड़क के लिए 229 करोड़ रुपये और आवंटित किए गए हैं। इस सड़क को भी चौड़ा करके 10 मीटर का किया जाएगा और इसे चार लेन वाली सड़क के रूप में उन्नयन किया जाएगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, इससे ग्रामीणों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पास के औद्योगिक और वाणिज्यिक इलाकों में जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और तेज गति से होगी।
अन्य न्यूज़













