दिवाली पर 8000 रुपये की मदद का संदेश फर्जी, Gujarat Police ने दी WhatsApp हैकिंग की चेतावनी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अहमदाबाद साइबर अपराध शाखा ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के नाम से 8,000 रुपये की नकद सहायता देने वाले संदेशों को फर्जी बताते हुए लोगों को आगाह किया है। पुलिस के अनुसार, दिए गए लिंक पर क्लिक करने और कोड दर्ज करने से व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो सकता है और बैंक खाते खाली होने का जोखिम है।

गुजरात पुलिस ने बृहस्पतिवार को लोगों को ऐसे फर्जी संदेशों से सावधान किया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नागरिकों को दिवाली पर 8,000 रुपये की नकद सहायता दे रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी कि इन संदेशों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करने से व्हाट्सऐप अकाउंट हैक हो सकता है और बैंकिंग संबंधी जानकारी चोरी हो सकती है। अहमदाबाद साइबर अपराध शाखा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि साइबर ठग त्योहार के समय लोगों को धोखा देने के लिए सोशल मीडिया मंचों पर ऐसे संदेश प्रसारित कर रहे हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाने वाले मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए उकसा रहे हैं।

इसमें कहा गया, “फर्जी संदेशों में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री दिवाली के मौके पर नागरिकों को 8,000 रुपये की नकद सहायता दे रहे हैं। लिंक पर क्लिक करने पर उपयोगकर्ताओं को एक फर्जी वेबसाइट पर भेजा जाता है, जहां दावा किया जाता है कि नकद लाभ के लिए उनके मोबाइल नंबर का चयन किया गया है।” विज्ञप्ति में कहा गया, “इसके बाद उनसे इस नुकसानदायक लिंक को और फैलाने के लिए संदेश को पांच व्हाट्सऐप या टेलीग्राम समूहों अथवा 20 दोस्तों को भेजने के लिए कहा जाता है। अगले चरण में, कथित नकद राशि पाने के लिए उपयोगकर्ताओं से अपना मोबाइल नंबर दर्ज करने को कहा जाता है।

इसके बाद स्क्रीन पर आठ अंकों का एक कोड दिखाई देता है और उन्हें व्हाट्सऐप में ‘लिंक्ड डिवाइसेज’ विकल्प के तहत यह कोड दर्ज करने का निर्देश दिया जाता है।” पुलिस ने कहा कि इससे बैंक खातों से पैसे निकाले जाने का बहुत अधिक खतरा पैदा हो जाता है। धोखाधड़ी के तरीके के बारे में बताते हुए पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) लविना सिन्हा ने कहा कि धोखेबाज विशेष रूप से पीड़ित का वास्तविक व्हाट्सऐप नंबर मांगते हैं, क्योंकि गलत नंबर दर्ज करने पर अकाउंट को किसी अन्य डिवाइस से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि इस धोखाधड़ी में फर्जी गेमिंग ऐप या भुगतान संबंधी लिंक भी शामिल हो सकते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़