मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ 26 नवंबर से देशव्यापी प्रदर्शन करेगा People Against SIR

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में नागरिक संगठनों के मंच ने 26 नवंबर से 20 दिसंबर तक देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। इस दौरान संविधान दिवस और मानवाधिकार दिवस पर बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। अभियान के अंत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से चुनाव घोषणा से पूर्व मताधिकार बहाल करने की अपील की जाएगी।
मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के खिलाफ अभियान चलाने वाले संगठनों और कार्यकर्ताओं के मंच ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ ने बृहस्पतिवार को 26 नवंबर से 20 दिसंबर तक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के रूप में फिर से इस्तेमाल करने का आह्वान भी किया। मंच ने बताया कि इस अभियान में 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ पर प्रदर्शन, 10 दिसंबर को ‘मानवाधिकार दिवस’ पर बड़े पैमाने पर सभाएं, विभिन्न राज्यों में जनसभाएं और रैलियां, तथा बूथ-स्तर की बैठकें शामिल होंगी।
यह अभियान 20 दिसंबर को समाप्त होगा, जब यह मंच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपील करेगा कि किसी भी चुनाव की घोषणा होने से पहले मतदान के अधिकार बहाल किए जाएं। मंच ने कहा, “हर सड़क को जंतर-मंतर बना दिया जाएगा” और जंतर-मंतर को फिर से विरोध-प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित करने की मांग की। यह घोषणा ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ के कार्य समूह की एक बैठक के बाद की गई।
मंच ने कहा कि सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मसौदा मतदाता सूची से छूटे मतदाताओं को एक और मौका देने का निर्वाचन आयोग का हालिया फैसला काफी देर से लिया गया कदम है, और यह एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उसकी चिंताओं का समाधान नहीं करता है। कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निर्वाचन आयोग ने एक और ‘यू-टर्न’ लिया है। इसके तहत, जिन मतदाताओं को गलती से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहराव (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित कर दिया गया था, उन्हें अब फॉर्म 6 के जरिए नए सिरे से आवेदन करने के बजाय केवल ‘गणना प्रपत्र’ जमा करने की छूट दी गई है।
अन्य न्यूज़













