गुजरात को पूरे देश के लिए मॉडल राज्य बनाएंगे: रूपानी
गुजरात के अगले मुख्यमंत्री चुने गए राज्य भाजपा अध्यक्ष विजय रूपानी ने कहा है कि वह ‘पूरे देश के लिए गुजरात को एक मॉडल राज्य बनाने का प्रयास करेंगे।’
अहमदाबाद। गुजरात के अगले मुख्यमंत्री चुने गए विजय रूपानी ने कहा है कि वह ‘पूरे देश के लिए गुजरात को एक मॉडल राज्य बनाने का प्रयास करेंगे।’ मुख्यमंत्री पद के लिए अपने नाम का एलान होने के बाद रूपानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संसदीय बोर्ड का आभार व्यक्त किया। शुक्रवार शाम केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ संवाददाता सम्मेलन में रूपानी ने कहा कि वह और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल जिम्मेदारी के साथ ‘विकास की राजनीति’ को आगे बढ़ाएंगे।
गडकरी ने कहा कि रूपानी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत और सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री और नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री चुना गया। उन्होंने कहा, ‘‘यहां आने के बाद मैंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और आनंदीबेन पटेल से बात की। विजयभाई रूपानी के नाम पर फैसला सभी लोगों से चर्चा के बाद किया गया। आनंदीबेन पटेल के प्रस्ताव के अनुसार नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री चुना गया है।’’ उधर, गुजरात में भाजपा सरकार के नेतृत्व में इस बदलाव को लेकर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस ने कहा कि ‘डूबते हुए जहाज को चलाने के लिए तैयार होने के विजय रूपानी के साहस की सराहना की जानी चाहिए।’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात का मुख्यमंत्री बनने पर श्री विजय रूपानी को बधाई। डूबते जहाज को चलाने के लिए तैयार होने के लिए उनकी सराहना की जानी चाहिए। उनको शुभकामनाएं।’’
अन्य न्यूज़