Haryana में Orbital Rail Corridor सुरंग डेढ़ महीने में छठी बार धंसी, जांच शुरू

नूंह जिले के तावडू उपसंभाग स्थित पातुका गांव में रविवार सुबह ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की सुरंग धंस गई। ग्रामीणों ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज के साथ खेतों में बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। हरियाणा रेल निगम ने भूमिगत परिस्थितियों में खराबी को वजह बताते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के नूंह में ‘‘ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर’’ परियोजना के लिए बनाई जा रही एक सुरंग 45 दिन में छठी बार ढह गई। स्थानीय लोगों ने सोमवार को यह जानकारी दी। हरियाणा रेल निगम ने कहा कि यह समस्या भूमिगत परिस्थितियों के बिगड़ने के कारण उत्पन्न हुई है और इसकी तकनीकी जांच जारी है।
लोगों ने आरोप लगाया कि रविवार को हुआ ताजा भू-धंसाव केवल आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसने आवासीय क्षेत्रों को भी प्रभावित किया है, जिससे निवासियों को अपने घर खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। घटना तावडू उपसंभाग में सहसोला ग्राम पंचायत के अंतर्गत पातुका गांव में हुई। गांव वालों के अनुसार रविवार सुबह अचानक विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी।
आवाज से दहशत में आए गांव वाले अपने घरों से बाहर निकल आए। आसपास के इलाकों में पता करने पर उन्हें खेतों में एक बड़ा गड्ढा दिखाई दिया। उन्होंने दावा किया कि जमीन धंसने के बाद एक घर भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि खबरों के अनुसार लगभग 200 फुट लंबी संपर्क सड़क और 400 फुट से अधिक क्षेत्र में फैली जमीन इसके धंसने से प्रभावित हुई है। इससे पहले अक्टूबर में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई थीं।
अन्य न्यूज़














