Jammu Kashmir: भारी बारिश से आया Flash Flood, मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक जताया अनुमान

Jammu Kashmir: भारी बारिश से आया Flash Flood, मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक जताया अनुमान
प्रतिरूप फोटो

जम्मू-कश्मीर के बडगाम, बारामूला और बांदीपोरा सहित कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। बांदीपोरा में सड़कों और एक सरकारी स्कूल में गंदा पानी भर जाने से कक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के साथ ही चार अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया है।

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश से कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में रातभर बारिश हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बडगाम, बारामूला और बांदीपोरा जैसे इलाकों में काफी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण बारामूला और बांदीपोरा जिलों में अचानक बाढ़ की स्थिति बन गई।

उन्होंने बताया कि हालांकि इसमें किसी की जान नहीं गई। अधिकारियों के मुताबिक, बांदीपोरा जिले के सदरकूट बाला इलाके में भारी बारिश से अचानक बाढ़ आ गई जिससे सड़कों और एक सरकारी स्कूल पर असर पड़ा। गनी मोहल्ला, मालपोरा स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बारिश का गंदा पानी भर गया जिससे कक्षाओं में बिछाई गई दरियां खराब हो गईं और कक्षाएं स्थगित कर दी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि बारामूला में सोपोर कस्बे के ब्रेनर इलाके में अचानक बाढ़ आ गयी लेकिन किसी भी संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन इन इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

विभाग ने साथ ही चार अगस्त तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए तेज बारिश होने का अनुमान जताया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़